उत्तराखंड में कोरोना जानलेवा बनता जा रहा है। प्रदेश में अब तक 24 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। सोमवार को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती एक 56 वर्षीय महिला भी कोरोना से जंग हार गई। देर शाम इलाज के दौरान कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत हो गई। ये महिला पिछले दिनों दिल्ली से लौटी थी। महिला अल्मोड़ा जिले की रहने वाली थी। दिल्ली से लौटने के बाद महिला को होम क्वारेंटीन में रहने के निर्देश दिए गए थे। इस दौरान उसे बुखार और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। जिसके बाद महिला को 11 जून को हल्द्वानी के बेस हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। महिला का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। 15 जून को महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। तब से महिला का इलाज चल रहा था।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: तंत्र-मंत्र के चक्कर में गायब हुए 1 परिवार के 10 लोग..पुलिस के छूटे पसीने
सोमवार देर शाम इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। अस्पताल के डॉक्टर अरुण जोशी ने बताया कि महिला कोरोना संक्रमित होने के साथ-साथ निमोनिया और हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रही थी। मेडिकल प्रशासन ने महिला के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। इसके अलावा महिला के संपर्क में जो लोग आए हैं, उन्हें ट्रेस किया जा रहा है। महिला के बेटे को भी आइसोलेट किया गया है। उसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। आपको बता दें कि सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज कराने वाले 215 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होने के बाद घर लौट गए हैं। इस वक्त अस्पताल में 11 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 12 मरीज आइसोलेशन वार्ड में एडमिट हैं। अस्पताल में भर्ती छह मरीजों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।