मानसून बीत चुका है, लेकिन पहाड़ की सड़कें अब भी खतरनाक बनी हुई हैं। जगह-जगह सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें बेगुनाह लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। ताजा मामला पिथौरागढ़ का है, जहां पिथौरागढ़-घाट एनएच पर पहाड़ी का मलबा कैंटर के ऊपर गिर गया। हादसे में कैंटर के चालक और क्लीनर की दर्दनाक मौत हो गई। मौके से हादसे की दिल दहला देने वाली तस्वीरें आई हैं। हादसे के बाद चालक और क्लीनर के शव कैंटर में ही फंसकर रह गए थे। जिन्हें बाहर निकालने में तीन घंटे का वक्त लगा। हादसे के बाद रोड पर लंबा जाम लग गया। गाड़ियां घंटों जाम में फंसी रहीं। प्रशासन की टीम ने कड़ी मशक्कत कर वाहन को रास्ते से हटा कर ट्रैफिक सुचारू कराया।
यह भी पढ़ें - केदारनाथ, यमुनोत्री, नैनीताल, मसूरी तक बनेंगे रोपवे..चंद मिनट में पूरा होगा घंटों का सफर
सोमवार शाम कैंटर (यूके 05सीए1713) पिथौरागढ़ से घाट की तरफ जा रहा था। जैसे ही कैंटर गुरना मंदिर के पास पहुंचा, पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर कैंटर के ऊपर गिर गया। ये सब इतनी तेजी से हुआ कि कैंटर में सवार लोगों को भागने तक का वक्त नहीं मिल पाया। कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह मलबे में दब गया। भयानक हादसे के दौरान कैंटर की बॉडी टूटकर खाई की ओर लटक गई। हादसे में चालक नवीन कुमार और क्लीनर सूरज कुमार की मौत हो गई। नवीन सिर्फ 25 साल का था। जबकि क्लीनर सूरज की उम्र 20 साल थी। दोनों सूखीढांग क्षेत्र के रहने वाले थे। जैसे ही दोनों की मौत की खबर घर पहुंची वहां कोहराम मच गया। मृतकों के शव निकालने में भी प्रशासन की टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव टीमें तीन घंटे तक जूझती रहीं, तब कहीं जाकर मृतकों के शव बाहर निकाले जा सके।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: ऋषिकेश एम्स आने वाले मरीजों को राहत, अब शुरू होने वाली हैं ये सेवाएं
शव निकालने के लिए पहले पोकलैंड और जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया। बाद में दोनों के शव मोर्चरी पहुंचाए गए। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। बाजपुर में भी सड़क हादसा हुआ है। यहां शादी समारोह में आए एक युवक को डंपर ने रौंद दिया। हादसे में युवक की मौत हो गई। मरने वाले युवक की शिनाख्त 21 साल के अर्जुन सैनी के रूप में हुई। वो यूपी के रामपुर का रहने वाला था। अर्जुन अपने दोस्त की शादी में बाजपुर आया हुआ था। सोमवार को हाईवे पर सड़क पार करने के दौरान एक डंपर ने उसे रौंद दिया। हादसे में अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह की खुशियां शोक में तब्दील हो गईं। पुलिस आरोपी डंपर चालक की तलाश में जुटी है।