विकास के तमाम दावों के बीच पहाड़ में सफर आज भी खतरनाक बना हुआ है। ऐसा कोई दिन नहीं बीतता, जब पहाड़ के किसी हिस्से से सड़क हादसे की खबर ना आती हो। सड़क हादसे का ताजा मामला अल्मोड़ा का है। जहां दर्दनाक कार हादसे में चिकित्साकर्मी की मौत हो गई। एक्सीडेंट में चार लोग घायल हुए हैं। हादसे में जान गंवाने वाले स्वास्थ्यकर्मी की शिनाख्त नवीन चंद्र धारीवाल के रूप में हुई। 35 साल के नवीन धौलादेवी विकासखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत थे। बीते दिन वो अपनी कार यूके 06 एसी 7080 से खेती गांव की तरफ जा रहे थे, लेकिन किसे पता था कि ये सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। हादसे के वक्त कार में नवीन के अन्य साथी भी मौजूद थे। कार जैसे ही भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के पास पहुंची, ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। नतीजतन, बेकाबू कार गहरी खाई में जा गिरी।
यह भी पढ़ें - बर्ड फ्लू उत्तराखंड: उड़ते उड़ते बाजार में गिरा परिंदा..मौत के बाद मचा हड़कंप
कार जिस खाई में गिरी, वो करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी है। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, चिकित्साकर्मी नवीन को भी गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया, लेकिन नवीन बच नहीं सके। गंभीर रूप से घायल नवीन की मौके पर ही मौत हो गई। वो मूलरूप से नैनीताल के पहाड़पानी क्षेत्र के रहने वाले थे। इस वक्त उनकी ड्यूटी सीएचसी धौलादेवी में थी। हादसे के वक्त वाहन में नवीन के मित्र ललित बिष्ट, चंद्रशेखर और लोकेश कुमार पांडेय भी मौजूद थे। इन तीनों के अलावा कार चालक दीपक कुमार भी गंभीर रूप से घायल है। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी धौलादेवी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर नवीन की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची वहां कोहराम मच गया। सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. बीबी जोशी और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी नवीन चंद्र के निधन पर गहरा दुख जताया है।