उत्तराखंड देहरादूनPahadi food in fire briged mess in haldwani

उत्तराखंड: DGP की अच्छी पहल, मैस में जवानों को मिलने लगा पौष्टिक पहाड़ी खाना

मैस में पहाड़ी खाना देख फायर ब्रिगेड के कर्मचारी बेहद खुश नजर आए। मैस के कर्मचारियों ने दिल से स्वादिष्ट पहाड़ी खाना बनाया था। जिसकी सभी ने तारीफ की।

Haldwani news: Pahadi food in fire briged mess in haldwani
Image: Pahadi food in fire briged mess in haldwani (Source: Social Media)

देहरादून: पहाड़ी खाने की बात ही अलग है। ये स्वाद से लेकर पोषण तक हर मामले में फिट बैठते हैं। पहाड़ी भोजन के गुणों को देखते हुए लोग एक बार फिर पहाड़ी खाने की ओर मुड़ने लगे हैं। इससे लोगों को अच्छी सेहत मिलती है, साथ ही पहाड़ी उत्पादों को बड़ा बाजार भी। उत्तराखंड पुलिस ने भी पहाड़ी उत्पादों को मंच देने के लिए ऐसा ही शानदार कदम उठाया है। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने जवानों के तन-मन को कुशल बनाने के लिए पौष्टिक एवं गुणवत्ता युक्त शुद्ध पहाड़ी व्यंजनों को पुलिस मैस के मेन्यू में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में एसएसपी नैनीताल के आदेशानुसार ‘मिशन भलछा’ के तहत फायर स्टेशन हल्द्वानी के मैस में जवानों को शुद्ध पहाड़ी भोजन परोसा गया। पहाड़ के प्रमुख व्यंजन जैसे मंडुवे की रोटी, भट्ट के डुबके, भात, राई की हरी पत्ती, पहाड़ी ककड़ी का सलाद, पिसा नमक और ताजी जलेबी को मैस के मेन्यू में शामिल कर लिया गया है। बीते दिन मैस में पहाड़ी खाना देख जवान बेहद खुश नजर आए। मैस के कर्मचारियों ने दिल से स्वादिष्ट पहाड़ी खाना बनाया था। जिसकी सभी ने तारीफ की। मिशन भलछा के तहत अब फायर स्टेशन के जवान स्वादिष्ट पहाड़ी भोजन चख सकेंगे। इस तरह के मिशन से जहां जवानों को स्वादिष्ट, गुणवत्तापूर्ण खाना मिलेगा, तो वहीं दूसरी तरफ पहाड़ी और स्थानीय उत्पादों को बाजार भी मिलेगा। जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। ऐसे प्रयास होते रहने चाहिए।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में 7 हेलीकॉप्टर सेवाओं की शुरुआत, किन जगहों को मिला तोहफा? पढ़िए