उत्तराखंड अल्मोड़ाLeopard attack on a woman in the forest of Someshwar

टिहरी गढ़वाल के बाद अल्मोड़ा में गुलदार का खौफ, जंगल में घास लेने गई महिला पर किया हमला

गनीमत ये रही कि मौके पर अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं। जिनके शोर मचाने पर गुलदार भाग गया।

Leopard: Leopard attack on a woman in the forest of Someshwar
Image: Leopard attack on a woman in the forest of Someshwar (Source: Social Media)

अल्मोड़ा: पर्वतीय जिलों में रह रहे लोग जंगली जानवरों के आंतक से परेशान हैं। डर इतना है कि महिलाएं जंगल जाने से डरने लगी हैं। गुलदार आबादी वाले इलाकों में घुसकर लोगों को मारने लगे हैं। ताजा मामला अल्मोड़ा का है। जहां सोमेश्वर के शैल गांव में जंगल में घास लेने गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। गनीमत ये रही कि मौके पर अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं। जिनके शोर मचाने पर गुलदार भाग गया। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीते गुरुवार गांव की महिलाएं पिरूल के लिए बुगाड़ के जंगल में गई थीं। इस दौरान 25 वर्षीय नीमा भाकुनी पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। नीमा को गुलदार के चंगुल में फंसा देख दूसरी महिलाओं ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। शोरगुल होने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। बाद में घायल नीमा देवी को गांव लाया गया। घायल महिला के सिर, चेहरे और पीठ पर गुलदार के नाखून के निशान हैं, हालांकि खुशकिस्मती से महिला की जान बच गई। गुलदार के हमले के बाद ग्रामीण काफी दहशत में हैं। महिलाएं लकड़ी और चारा पत्ती लेने के लिए जंगल नहीं जा रहीं। बच्चे भी घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि आबादी वाले इलाके में गुलदार की धमक बनी हुई है। ग्रामीणों ने घायल महिला को वन विभाग से मुआवजा देने और गांव में पिंजरा लगाने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को गुलदार के आतंक से निजात मिल सके।