देहरादून: प्रदेश के मौसम में बदलाव की उम्मीद की जा रही है। चटक धूप और चिलचिलाती गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आज प्रदेश में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इन तेज हवाओं के साथ तापमान में भी कुछ कमी आ सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
Uttarakhand Weather Forecast 11 April 2024
प्रदेश में बुधवार को सुबह से चटख धूप खिलने के बाद शाम को मौसम का मिजाज एकदम से बदल गया। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हुई। वहीं निचले इलाकों में शाम को झोंकेदार हवाएं चलीं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के अधिकांश क्षेत्रों में लोगों ने तपिश का अनुभव किया जिससे उनके पसीने छूट गए। तेज धूप की चमक के कारण तापमान में काफी उछाल आया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस शनिवार और रविवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना है। आज देहरादून में मौसम साफ रहेगा लेकिन दोपहर के बाद कुछ गर्जन वाले बादल छा सकते हैं।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार आज पर्वतीय जनपदों में आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहने की सम्भावना है। प्रदेश में चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर, देहरादून, अल्मोड़ा, टिहरी और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें तथा ओलावृष्टि के आसार हैं। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
तापमान की स्थिति
बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंतनगर का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस था। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।