पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौखाल क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। ये घटना उत्तराखंड की सामाजिक व्यवस्था की भी एक दुखद तस्वीर बयां करती है। विद्युत सबस्टेशन कसयाली के अंतर्गत पौखाल फीडर की 11 केवी लाइन की मरम्मत करने के दौरान करंट लगने और उसके बाद जाम में फंसने से लाइनमैन की मौत हो गई।
Burnt lineman lost life in traffic jam
45 वर्षीय कॉन्ट्रैक्ट लाइनमैन संतोष कुमार, 11 केवी लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से बुरी तरह घायल हो गए, इसके बाद जब गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था तो हाईवे पर लगे जाम के कारण गाड़ी 1 घंटे सड़क पर ही खड़ी रही। उनकी हालत बिगड़ती चली गई और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
हायर सेंटर कोटद्वार हुए थे रेफर
रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार रात 11 KV की इलेक्ट्रिसिटी लाइन में कुछ फॉल्ट आया था, इसके बाद गुरुवार शाम को संतोष कुमार अपने सहकर्मियों के साथ लाइन ठीक करने पहुंचे। ट्रांसफार्मर के पास एक खंभे पर काम करते समय संतोष को करंट लग गया और वह खंबे से नीचे गिर पड़े। घायल संतोष को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पौखाल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर अस्पताल कोटद्वार रेफर किया था। लेकिन हादसे के बाद जब उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था तो हाईवे पर हाथियों का झुंड आने से जाम लग गया, जिसमें वह करीब 1 घंटे फंसे रहे। इसके चलते उनकी हालत और बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय ही उनकी दुखद मृत्यु हो गई।