देहरादून: उत्तरप्रदेश के चर्चित छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन के अवैध धर्मांतरण रैकेट द्वारा देहरादून में भी एक युवती का धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था। युवती के पिता की तहरीर पर रानीपोखरी थाने में एक महिला सहित 5 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इन 5 आरोपियों में से एक आरोपी अब्दुर रहमान को बीते गुरूवार को सहसपुर से गिरफ्तार किया गया है।
Was Chhangur Baba racket active in Uttarakhand
देहरादून एसएसपी अजय सिंह और एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बीते शुक्रवार शाम को जानकारी देते हुए बताया कि आगरा में छांगुर बाबा के गिरोह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसकी जांच के दौरान यूपी एटीएस ने गिरोह के एक आरोपी अब्दुर रहमान (उर्फ रुपेंद्र यादव) मूल निवासी मैनपुरी यूपी को गिरफ्तार किया था। बीते गुरुवार को आरोपी को देहरादून के सहसपुर के शंकरपुर से गिरफ्तार किया गया, वो करीब 12 साल से इस जगह रह रहा था। एटीएस ने अब्दुल रहमान के साथ ही डोईवाला से मरियम नाम की युवती को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।
रानीपोखरी की युवती से था आरोपी का सम्पर्क
यूपी एटीएस से देहरादून पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अब्दुर रहमान सोशल मीडिया पर रानीपोखरी क्षेत्र की 21 वर्षीय एक युवती के साथ भी संपर्क में था। इस जानकारी के आधार पर देहरादून पुलिस और स्थानीय एजेंसियों द्वारा मामले की जांच की गई। जांच में पता चला कि युवती को पांच सोशल मीडिया अकाउंट से उसे प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था। पीड़िता से की गई पूछताछ में पता चला कि अब्दुर रहमान समेत पांच आरोपी युवती पर धर्मांतरण का दबाव बना रहे थे।
धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मुकदमा
देहरादून पुलिस द्वारा कुछ संदिग्ध इंस्टाग्राम आईडी की निगरानी की गई। इस काम में एसटीएफ का भी तकनीकी रूप से सहयोग लिया गया। इसके बाद पांचों आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी प्राप्त की गई। पीड़िता के कारोबारी पिता की शिकायत पर महिला सहित पांच आरोपियों के खिलाफ रानीपोखरी थाने में धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों में सहसपुर के शंकरपुर निवासी अब्दुल रहमान, मुजफ्फरनगर निवासी अबु तालिब, दिल्ली कनाट प्लेस निवासी अयान और अमन और गोवा निवासी युवती श्वेता शामिल हैं। इन सब जगह पुलिस टीम को रवाना कर दिया गया है।
12 सालों से सहसपुर में रह रहा था आरोपी अब्दुर
पुलिस के अनुसार, आरोपी अब्दुर रहमान बीते 12 सालों से देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी कर रहा था। इस जगह काफी संख्या में बाहरी युवक और युवतियां काम के चलते आते-जाते रहते हैं। स्थानीय पुलिस तंत्र इस पर फोकस करते हुए जांच-पड़ताल कर रहा है। पुलिस द्वारा आरोपी के घर और कार्यस्थल पर संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।