उधमसिंह नगर: एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में एक फार्म हाउस में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Rahul dies under suspicious circumstances
जानकारी के अनुसार कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर निवासी राहुल (32) पुत्र सूरज पाल ड्राइवरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि कुंडा थाना क्षेत्र के पन्नू फार्म से एक व्यक्ति उसको बुलाकर अपने साथ ले गया। शनिवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे राहुल के भाई संजय के पास पन्नू फार्म से फोन आया कि राहुल की अचानक तबियत खराब हो गई। लेकिन जब वे लोग फार्म हाउस पहुंचे, तो राहुल एक सोफे पर अचेत अवस्था में पड़ा था। तब राहुल के भाई संजय और अन्य लोग उसको कार से मुरादाबाद रोड स्थित तीन-चार निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है शव
इसके बाद परिजन शव को लेकर घर आ गए और उसकी हत्या करने का एक व्यक्ति पर आरोप लगाते हुए हंगामा काटने लगे। इसी दौरान किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुंडा थाना प्रभारी हरेंद्र चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम डॉक्टर पैनल से और वीडियोग्राफी के साथ कराने की अनुमति मांगी जा रही है। उसके बाद ही राहुल कि मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है, परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर पंचायत चुनाव में एक प्रत्याशी को समर्थन करने से नाराज लोगों ने उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।
बीडीसी पद के एक प्रत्याशी का समर्थन कर रहा था राहुल
कुंडा थाना पुलिस को तहरीर देकर ग्राम करनपुर निवासी मृतक राहुल की पत्नी रवीना ने आरोप लगाया कि उसके पति बीडीसी पद के एक प्रत्याशी को चुनाव में समर्थन कर रहे थे। उनके द्वारा उक्त प्रत्याशी को समर्थन करने से इसी पद पर चुनाव लड़ रहे विरोधी नाराज थे और उसके पति को धमका रहे थे। रवीना ने बताया कि आज शनिवार की सुबह लगभग 07.30 बजे उसका पति प्रत्याशी का चुनाव प्रचार करने निकले तो अपने भाई संजय को फोन करके बताया कि दूसरे पक्ष के लोग उसे अपने निवास स्थान पर बातचीत करने हेतु बुला रहे हैं। संजय ने उसे वहां जाने से रोका, लेकिन उसके पति वहां चले गये तथा कुछ देर बार उसके घर पर एक व्यक्ति आया उसके पति के भाई को बताया कि राहुल को अटैक आ गया है और वह वहां बेहोश हो गया है।
आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग
जब उसके पति का भाई दूसरे पक्ष के घर पहुंचा तो देखा कि घर की बैठक के बाहर सोफे पर राहुल बेहोश पड़ा हुआ है, उसके मुंह से खून निकल रहा था तथा आस-पास सब सामान बिखरा हुआ था। जब उसके पति के भाई ने घर के लोगों से पति को अस्पताल पहुंचाने के लिए गाड़ी मांगी तो करीब आधे घंटे बाद वह उसके पति को अस्पताल लेकर जाने को राजी हुए। इसके बाद उसके पति को पहले गढ़ी नेगी में एक डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां से उसे मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे ने उसे मृतक घोषित कर दिया। राहुल की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।