हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस ने बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) जवान के पिता कंवरपाल की हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने अन्धविश्वास के चलते कंवरपाल की हत्या की थी। पुलिस टीम जब हत्यारोपी की धरपकड़ में जुटी थी, उससे पहले आरोपी ने थाने में आकर खुद में अपना गुनाह स्वीकार किया।
BSF Soldier father murderer arrested
जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार 24 जुलाई की रात रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि टोडा कल्याणपुर गांव के 60 वर्षीय कंवरपाल की हत्या कर दी गई है। इस सूचना पर तुरंत रुड़की सीओ नरेंद्र पंत और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कंवरपाल के शरीर पर चाकुओं से वार कर उनकी निर्मम हत्या की गई थी। बुजुर्ग के शरीर पर कई स्थानों पर कटे-फटे निशान पाए गए और उनकी पीठ पर चाकू के गहरे घाव थे, साथ ही उनका एक हाथ भी काटा गया था। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की और साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
आरोपी ने स्वयं थाने में जाकर किया सरेंडर
जिसके बाद मृतक कंवरपाल के बेटे ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इस मामले की जांच के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। पुलिस टीम द्वारा की गई जांच में 53 वर्षीय ओमवीर (उर्फ ओमी) नाम के व्यक्ति और उसके कुछ साथियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस टीम आरोपी ओमवीर की गिरफ्तारी में जुटी हुई थी, तभी आरोपी ने स्वयं थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। हत्यारोपी ओमवीर भी टोडा कल्याणपुर का ही निवासी है। आरोपी द्वारा सरेंडर किए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में उपयोग किए गए चाकू को भी बरामद किया।
तांत्रिक क्रिया करता था कंवरपाल
आरोपी ओमवीर ने पुलिस पूछताछ में बताया कि कुछ साल पहले उसके बेटे की मौत हो गई थी। उसे शक था कि उसके बेटे की मौत में कंवरपाल का हाथ है, क्योंकि कंवरपाल तांत्रिक क्रिया का काम किया करता था। कंवरपाल की हत्या से दो दिन पहले उन दोनों का इसी बात को लेकर झगड़ा भी हुआ था। उसके बाद आरोपी ओमवीर ने कंवरपाल को मारने का प्लान बनाया। प्लान के मुताबिक उसने कंवरपाल को काली माता मंदिर से गांव जाने वाले रास्ते पर पकड़ा। जहां ओमवीर ने चाकू से कंवरपाल पर कई वार किए, और लहूलुहान हालत में उसे वहीं छोड़ दिया। कंवरपाल की हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, अब आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।