देहरादून: उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की मतदान प्रक्रिया आज सुबह 8 बजे से आरंभ हो गई है। कई जिलों में मतदाता बारिश के बीच मतदान करने जा रहे हैं। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की मतदान शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही लोग बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों की ओर जा रहे हैं।
Voting begins for second phase of panchayat elections
आज सोमवार 28 जुलाई को सुबह 8 बजे से उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान शुरू हो गए हैं। आज प्रदेश के 40 विकासखंडों में पंचायत चुनाव की वोटिंग होनी है. पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सदस्य ग्राम पंचायत के 933 पदों के लिए 1998 प्रत्याशी, प्रधान ग्राम पंचायत के 2726 पदों पर 7833 प्रत्याशी, सदस्य क्षेत्र पंचायत के 1225 पदों पर 4214 प्रत्याशी, और सदस्य जिला पंचायत के 14 पदों पर 716 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे हैं। प्रदेश भर में कुल मिलाकर 14 हजार 761 प्रत्याशी चुनाव में भाग ले रहे हैं और कुल 21 लाख मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
मतदाताओं में वोटिंग का उत्साह
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के अवसर पर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान में अप्रिय घटना पर रोक और सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण संपन्न करने के लिए सभी केंद्रों में पुलिस की भारी तैनाती की गई है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जो मतदान की प्रक्रिया की गति को धीमा कर सकता है। मौसम की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। यदि किसी कार्यकर्ता या आम जनता को मतदान स्थल तक पहुंचने में कठिनाई होती है या किसी प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, तो वे जिलों में स्थित कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।
इन 40 विकासखंडों में आज वोटिंग
आज प्रदेश के चंपावत, बाराकोट, विण, मूनाकोट, बेरीनाग, गंगोलीहाट, हल्द्वानी, रामनगर, सल्ट, स्याल्दे, भिकियासैंण, हवालबाग, द्वाराहाट, रूद्रपुर, काशीपुर, जसपुर, भीमताल, कोटाबाग, डुंडा, चिन्यालीसौड़, भटवाड़ी, पोखरी, दशोली, नंदानगर, कर्णप्रयाग, गैरसैंण, कीर्तिनगर, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, चंबा, डोईवाला, रायपुर, सहसपुर, यमकेश्वर, जयहरीखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, पौड़ी, कोट और कल्जीखाल विकासखंडों में वोटिंग शुरू हो गई है।