देहरादून: साइबर ठगों ने देहरादून में एक निजी बैंक में कार्यरत एक कर्मचारी को मुनाफे का लालच देकर उससे लगभग 37 लाख रुपये की ठगी की है। साइबर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Bank employee cheated of 37 Lakh Rupees
जानकारी के अनुसार, देहरादून के निजी बैंक में कार्यरत तरला अधोईवाला के निवासी मोहम्मद सिराज ने साइबर क्राइम पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि बीते 11 जून को उनके व्हाट्सएप पर किसी अननोन का मेसेज आया था। संदेश भेजने वाली ने खुद को आरोही पटेल बताते हुए कहा कि वो 360 वन कंपनी लिमिटेड में सहायक हैं और स्टॉक खरीदने और बेचने के सुझाव देती है। जिसके बाद मोहम्मद सिराज और आरोही पटेल के बीच बातचीत शुरू हो गई। उसके बाद 17 जून को आरोही पटेल ने व्हाट्सएप नंबर पर एक नंबर भेजा और स्टॉक ट्रेडिंग के लिए प्रेरित किया।
स्टॉक ट्रेडिंग के लिए करवाया एप डाउनलोड
पीड़ित ने बताया कि उसे सूचित किया गया था कि यदि वह निवेश करेगा तो उसे अच्छा लाभ मिलेगा। इसके बाद, आरोही ने 25 जून को उसे स्टॉक की जानकारी देते हुए एक गूगल फॉर्म भरवाने के लिए कहा। फिर 29 जून तक उनके फॉर्म की जांच करने के बाद सिराज को 360 वन कंपनी लिमिटेड के नाम से एक आईडी जारी की गई और साथ ही एक प्रमाण पत्र ई-मेल के माध्यम से भेजा गया। इस प्रमाण पत्र में सेबी का रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित था। इसके बाद आरोपी ने 30 जून को पीड़ित को 360 वन नाम का एक एप डाउनलोड करने के लिए लिंक भेजकर कहा गया कि इसी एप के जरिए स्टॉक ट्रेडिंग की जाएगी।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आरोपियों ने निवेश के नाम पर पीड़ित से 03 जुलाई को यूपीआई के जरिए 50 हजार रुपए और 4 जुलाई को 60 हजार रुपए विभिन्न खातों में जमा कराए। इसके अलावा पीड़ित से यह भी कहा गया कि वे अपने निवेश की गई राशि से एप के माध्यम से इकोप्लास्ट के शेयर खरीद सकते हैं। इसके अलावा पीड़ित द्वारा जमा की गई राशि का 15 प्रतिशत मुनाफा भी दिखाया गया। पीड़ित ने 19 जुलाई तक अलग-अलग खातों में 36 लाख 50 हजार रुपये की राशि जमा कर दी थी, जिसमें आरोपियों ने 20 प्रतिशत मुनाफा भी दिखाया हुआ था। जब मोहम्मद सिराज ने अपनी जमा राशि निकालने की कोशिश की, तो वो उसमें असमर्थ रहा। पीड़ित अपनी जमा राशि नहीं निकाल पाया, तो उसे उसके साथ ही साइबर ठगी का एहसास हुआ। जिसके बाद उसने इबर क्राइम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर साइबर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा उन खातों की भी जांच की जा रही है, जिनमें पीड़ित ने पैसे ट्रांसफर किए थे।