हल्द्वानी: लापता दस वर्षीय बच्चे की हत्या का शनिवार को पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दुष्कर्म का विरोध करने पर आरोपी ने बच्चे की गला दबाकर हत्या की थी और शव प्लास्टिक के कट्टे में डाल कर फेंक दिया था।
Protested against Rape 10 year old Amit murdered
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीएन मीणा ने शनिवार देर शाम इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 4 अगस्त को पश्चिम खेड़ा, गौलापार में खेत बटाई का काम करने वाले बरेली निवासी खूबकरन मौर्य का 10 वर्षीय पुत्र अमित अचानक लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाशी अभियान चलाया। कई टीमों का गठन किया गया। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों के साथ ही डाग स्क्वायड, फोंरसिंक टीम और ड्रोन कैमरे की मदद भी ली। इस बीच बच्चे का प्लास्टिक के कट्टे में शव बरामद किया गया।
कहानियां बना गुमराह करता रहा आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को उसी गांव के एक संदिग्ध निखिल जोशी के बारे में जानकारी मिली तो पुलिस ने निखिल जोशी को हिरासत में लिया। पुलिस निखिल से लगातार पूछताछ करती रही, लेकिन आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा। कभी वह अपने को मानसिक रोगी घोषित करने की कोशिश करता तो कभी प्रकरण को तंत्र-मंत्र से जोड़ने का असफल प्रयास करता।
पुलिस ने आरोपी की जांच के लिये मानसिक रोग विशेषज्ञ डा. युवराज पंत की मदद ली। डॉ. पंत की ओर से अपनी रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी मानसिक रोगी नहीं है और वह पुलिस को चकमा देने के लिए ऐसी हरकत कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने पूरे प्रकरण से पर्दा उठा दिया।
कुकर्म करने के उद्देश्य से किया अगवा
एसएसपी मीणा ने बताया कि प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी नाबालिग को गलत हरकत के उद्देश्य से अपने साथ ले गया था। जब नाबालिग ने उसका विरोध किया तो उसने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए टुकड़े किए, लेकिन इस बीच मामला पुलिस तक पहुंच गया और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
उन्होंने कहा कि अभी इस घटनाक्रम में आरोपी के परिवार के किसी अन्य सदस्य के हाथ होने के तथ्य नहीं मिले हैं। घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसने शव के टुकड़े किए गए थे। मीणा ने कहा पुलिस जल्द ही आरोपी को रिमांड पर लेगी और हथियार भी बरामद करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी के बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी अन्य घटनाओं की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन कहा कि आरोपी बच्चों के बारे में जानकारी रखता था।