देहरादून: उत्तराखंड में 12 जिला पंचायतों को आज बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष और 89 ब्लॉक को ब्लॉक प्रमुख मिल जाएंगे। जिनमें से बाकी पांच में पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है, अब छह जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होना है। एक जिले में हाईकोर्ट की रोक के चलते परिणाम घोषित नहीं होगा।
District Panchayat President and Block Pramukh Election
उत्तराखंड में जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए गुरुवार यानि आज सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हो गया है। प्रदेश के छह जिलों देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल, अल्मोड़ा और रुद्रप्रयाग में मतदान जारी है, इन जिलों में मतदान के बाद आज ही नतीजे घोषित किए जाएंगे। इन 6 जिलों में मतदान शाम 3 बजे तक चलेगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना कर नतीजे घोषित किए जाएंगे।
पांच जिलों में निर्विरोध निर्वाचन
वहीं प्रदेश के पांच जिलों में पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। टिहरी से इशिता सजवाण, चंपावत से आनंद सिंह अधिकारी, पिथौरागढ़ से जितेंद्र प्रसाद और उत्तरकाशी से रमेश चौहान पहले ही निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। ऊधमसिंह नगर में भी अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए थे, लेकिन हाईकोर्ट की रोक के चलते नतीजा घोषित नहीं होगा।
एकल संक्रमणीय प्रणाली
जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए एकल संक्रमणीय प्रणाली से चुनाव हो रहा है, जिसमें प्रत्याशियों को प्राथमिकता क्रम में वोट दिया जाता है और सर्वाधिक प्राथमिकता पाने वाला प्रत्याशी विजेता बनता है।