पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के निवासी सीआरपीएफ इंस्पेक्टर शुक्रवार को कानपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। 24 घंटे बिजी रहने वाले कानपुर सेंट्रल में आरपीएफ गेट के सामने शव मिलने से हड़कंप मच गया। वे जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में तैनात थे और बीते दिनों मेडिकल लीव लेकर अपने ससुराल कानपुर पहुंचे थे।
CRPF inspector dies under suspicious circumstances
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार शाम को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के आरपीएफ गेट के सामने खड़ी एक लग्जरी कार से एक लाश बरामद हुई। इस घटना से न सिर्फ क्षेत्र में सनसनी फैल गई बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। मृतक की पहचान निर्मल उपाध्याय, निवासी पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मृतक निर्मल उपाध्याय की शादी साल 2023 में कानपुर साउथ क्षेत्र के साकेत नगर निवासी राशि से हुई थी। वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। इन दिनों वे मेडिकल लीव लेकर अपनी पत्नी से मिलने अपने ससुराल कानपुर पहुंचे थे। परिजनों ने बताया कि वे करीब 12 दिन पहले छुट्टी पर यहां पहुंचे थे। बीते गुरुवार को देर रात निर्मल और उनकी पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। दोनों ने शराब पी रखी थी और विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई तक की नौबत आ गई। इसके बाद पत्नी ने पुलिस को भी सूचना दी थी।
पूरे दिन आरपीएफ गेट पर खड़ी रही कार
उसके अगले दिन शुक्रवार सुबह निर्मल घर से किसी को बिना बताए मकान मालिक संजय के साथ निकले और उनकी कार लेकर स्टेशन के कैंट साइड स्थित पार्किंग एरिया तक गए। कार को वहीं खड़ा कर मकान मालिक वापस लौट आया। पूरे दिन उनकी कार आरपीएफ के गेट के सामने खड़ी रही, लेकिन किसी को भनक नहीं लगी। शाम को जब पार्किंग कर्मचारी ने कार के अंदर झांककर देखा तो निर्मल उपाध्याय सीट बेल्ट लगाए एक ओर झुके हुए दिखाई दिए। पार्किंग कर्मचारी ने घटना की सूचना जीआरपी को दी।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना मिलते ही जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जाँच में पता लगा कि मृतक व्यक्ति उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के मूल निवासी थे। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।