हल्द्वानी: भारी बारिश के कारण हर जगह जल भराव होने के कारण वन्य जीव सूखी जगह तलाश करने के चक्कर में घरों की तरफ आ रहे हैं। खासकर जहरीले सांप और कीड़े आपके जुते, कपड़ों या किसी भी गर्म जगह पर छुप जाते हैं, जो कि इंसान के लिए जान लेवा साबित हो सकता है। ऐसा ही एक मामला हल्द्वानी से सामने आया है, यहां किंग कोबरा बाइक की हेडलाइट में छिपा था, जिससे परिजनों में हडकंप मच गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद उसे रेस्क्यू कर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।
King Cobra found in bike's headlight in Haldwani
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार को नैनीताल जिले के मुख्यालय हल्द्वानी शहर के गोजाजाली स्थित दूध संघ में कार्यरत डॉ. अजीत सिंह ने बाजार से लौटकर अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी कर दी थी। कुछ देर बाद जब वे बाइक को आंगन में खड़ा करने गए, तो देखा कि हेडलाइट के पास भूरे रंग का सांप लटका हुआ है। पास जाकर देखा तो यह किंग कोबरा प्रजाति का सांप निकला, जिसे देखकर वे घबराहट में चिल्लाने लगे। शोर होने पर सांप बाइक की हेडलाइट के भीतर घुस गया। परिजनों ने तुरंत इस मामले की सूचना वन विभाग को दी।
कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया गया कोबरा
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने सांप को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वो गहराई से हेडलाइट में घुस चुका था। वन विभाग की टीम द्वारा काफी प्रयास के बावजूद भी सांप बाहर नहीं मिकल पाया। जिसके बाद बाइक मैकेनिक को बुलाकर हेडलाइट पूरी तरह से खोली गई। हेडलाइट खोलने के बाद सांप को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। वन विभाग की टीम ने बताया कि बाइक की हेडलाइट में छुपा सांप किंग कोबरा प्रजाति का अत्यधिक जहरीला सांप है। हालांकि यह अभी आकार में छोटा था, लेकिन इसकी आक्रामकता में कोई कमी नहीं थी। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने किंग कोबरा को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया।