देहरादून: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शराबी बेटे ने पैसों के लिए अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया और हिरासत में ले लिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
Son killed father for money to buy liqueur
जानकारी के अनुसार, नैनीताल जिले के नगरीगांव निवासी 65 वर्षीय राजकुमार पुत्र राम सिंह अपने परिवार के साथ कैलाश व्यू इलाके में रहते थे। शनिवार, 6 सितंबर को उनके बेटे सचिन ने उनसे पैसों की मांग की। लेकिन पिता राजकुमार ने उसे पैसे देने से साफ इंकार कर दिया, जिससे उनका बेटा गुस्से से आग-बबूला हो गया। गुस्से में आकर उसने पास पड़ा डंडा उठाया और अपने पिता पर ताबड़तोड़ प्रहार करने लगा। आरोपी बेटे द्वारा किए गए हमले में राजकुमार बुरी तरह घायल हो गए। खून से लथपथ हालत में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस देखकर भागने लगा हैवान
बताया जा रहा है कि आरोपी बेटा लंबे समय से शराब और नशे का आदी था और अक्सर पैसों के लिए अपने पिता से बहस करता था। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को इस मामले की सूचना दी। थोड़ी देर में भवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही आरोपी सचिन ने भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से हत्या में प्रयुक्त लाठी-डंडे सहित तमाम साक्ष्य इकट्ठा किए। वहीं भवाली पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल और कोतवाल प्रकाश मेहरा स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे मामले की बारीकी से जांच शुरू की गई।
निर्मम हत्या से लोग स्तब्ध
एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि पिता राजकुमार द्वारा पैसे देने के लिए मना करने पर आरोपी सचिन ने उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे नगरीगांव क्षेत्र को दहला दिया है। एक बेटे द्वारा अपने ही पिता की इतनी निर्मम हत्या से लोग स्तब्ध हैं। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि मृतक राजकुमार शांत स्वभाव का इंसान थे, और वे आरोपी सचिन की नशे की लत से परेशान थे।