उत्तराखंड देहरादूनDrug Addict become cunning thief

उत्तराखंड: गिरफ्तार हुआ पुलिस कर्मी का बेटा, नशे की आदतों ने बना दिया था शातिर चोर

देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अब इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Thief Arrested: Drug Addict become cunning thief
Image: Drug Addict become cunning thief (Source: Social Media)

देहरादून: पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे चार चोरी के वाहन, लाखों के गहने और नकदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी पुलिस कर्मी का बेटा है, जिनकी कोरोनाकाल में मौत हो गई थी। ये दोनों आरोपी नशे के आदी हैं।

Drug Addict become serial bike thief

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने जानकारी दी कि बीते कई दिनों से देहरादून के पटेलनगर कोतवाली में लगातार चोरी की तहरीरें दर्ज हुईं। जिनमें 26 अगस्त को रामनाथ गुप्ता, निवासी लक्ष्य एनक्लेव, ब्लॉक टी स्टेट, बंजारावाला ने बाइक चोरी की शिकायत दी। उसके बाद 29 अगस्त को सौरभ भट्ट, निवासी विद्या विहार ने एक्टिवा चोरी की तहरीर दी। इसके बाद राजेंद्र प्रसाद बडोनी, निवासी बंजारावाला ने अपने घर से नकदी व गहनों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बीते 6 सितंबर को जनार्धन प्रसाद कंडवाल, निवासी बंजारावाला ने भी नकदी व गहने चोरी की शिकायत दर्ज कराई। इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बनने लगा था।

पुलिस घेराबंदी में दो आरोपी गिरफ्तार

जिसके बाद इन मामलों की जांच के लिए प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर चंद्रभान अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गईं। पुलिस टीमों ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पुराने शातिर अपराधियों पर निगरानी रखी, इसी दौरान आरोपियों की संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं। रविवार को पुलिस को आरोपियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस ने हरिद्वार रोड से घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से चोरी की दो-दो दुपहिया गाड़ियां, लाखों रुपये के गहने और ₹37,400 की नकदी बरामद की गई।

एक आरोपी निकला पुलिसकर्मी का बेटा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दोनों नशे के आदी हैं, अपने नशे की लत को पूरा करने के लिए वे चोरी करते हैं। वे इन चोरी के वाहनों को अन्यत्र ले जाकर बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अब इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शुभम पंवार निवासी जामणीखाल, थाना हिंडोलाखाल, जिला टिहरी गढ़वाल और राहुल निवासी राजेश्वरी कालोनी, बंजारावाला, पटेलनगर के रूप में हुई है। खास बात यह है कि आरोपी राहुल एक पुलिसकर्मी का बेटा है, जिनकी कोरोना काल में मृत्यु हो गई थी। पिता की मृत्यु के बाद वह गलत संगत में पड़ गया और चोरी की घटनाओं में शामिल होने लगा। राहुल चोरी की बाइक से दिल्ली और अन्य शहरों में घूमने भी जाता था।