रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग में नवनिर्वाचित भाजपा जिला पंचायत सदस्य विमला बुटोला का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से जिले में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि वे लम्बे समय से बीमार चल रही थी, जिसके कारण वे शपथ ग्रहण में भी शामिल नहीं हो पाईं थी।
District Panchayat member Vimala Butola Died
जानकारी के अनुसार, रुद्रप्रयाग जिले के जखोली विकासखंड की बजीरा सीट से नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य विमला बुटोला लंबे समय से बीमार चल रही थी। देहरादून के सिनर्जी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बीमारी के कारण विमला देवी जिला पंचायत सदस्य शपथ ग्रहण में भी शामिल नहीं हो पाईं थी। बीते दिनों में विमला बुटोला के स्वास्थ्य में पहले से कुछ हद तक सुधार हुआ था। लेकिन अचानक उनकी तबियत फिर से बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में चिकित्सकों के काफी प्रयास के बावजूद भी उनकी जान नहीं बच सकी, उन्होंने अस्पताल में ही इलाज के दौरान ही बीते 8 सितम्बर को अपनी आखिरी सांस ले ली।
लीवर में संक्रमण होने के कारण हुई मौत
डॉक्टरों ने जानकारी दी कि विमला बुटोला के लीवर में संक्रमण हो गया था, जिसके चलते ऑपरेशन भी किया गया। उन्होंने काफी बचाने का प्रयास किया लेकिन कोई फायदा नहीं हो पाया। विमला बुटोला के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में गहरा शोक है। आपको बता दें कि दिवंगत जिला पंचायत सदस्य विमला बुटोला पेशे से शिक्षिका थी। इस बार उन्होंने बतौर जिला पंचायत सदस्य राजनीति में कदम रखा था, लेकिन बीते सोमवार को उनकी मौत हो गई। उनकी मौत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत और उपाध्यक्ष रितु नेगी सहित कई अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि "रुद्रप्रयाग के बजीरा सीट से नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य विमला बुटोला के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजन को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।"