देहरादून: देहरादून जनपद में पुलिस ने नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में चरस और स्मैक की बड़ी खेप के साथ 1 छात्र सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
Two youths arrested with hashish and smack
बीते शनिवार को देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को 384 ग्राम चरस के साथ दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार किए गए युवक ने बताया कि उसका नाम नितेश है और वो हरबर्टपुर का निवासी है। आरोपी नितेश ने बताया कि वो विकासनगर के एक शिक्षण संस्थान में बीबीए का छात्र है। छात्र ने बताया कि वो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बेहट क्षेत्र से चरस लेकर आया था।
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया बरामद चरस
थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा मामले इस बात की भी जांच की जा रही है कि गिरफ्तार किया गया छात्र कितने लंबे समय से चरस की अवैध तस्करी में संलिप्त है। पुलिस ने छात्र के पास से बरामद किए गए चरस को सील कर उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। वहीं आरोपी छात्र के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटैंसेज एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अवैध स्मैक के साथ अरशद गिरफ्तार
इसके अलावा देहरादून के विकासनगर कोतवाली पुलिस ने कोतवाल विनोद सिंह गुसाईं के निर्देश पर शुक्रवार रात क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कुल्हाल चेकपोस्ट के पास पुलिस को बाइक सवार एक युवक संदिग्ध लगा, जिसके बाद पुलिस ने युवक रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से छह ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी युवक को बरामद स्मैक के साथ हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरशद (उर्फ गूंगा), निवासी कुरैशी मोहल्ला, कुंजाग्रांट के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी की बाइक को भी सीज कर दिया। आरोपी अरशद (उर्फ गूंगा) के खिलाफ भी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटैंसेज एक्ट (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध चरस और स्मैक के साथ गिरफ्तार दोनों आरोपी युवकों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि देहरादून जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष टीमों को सीमावर्ती इलाकों और शिक्षण संस्थानों के आसपास सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।