देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) का हालिया पेपर लीक प्रकरण ने आयोग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में मुख्यमंत्री ने सीबीआई जांच की संस्तुति भी की है, ताकि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
UKSSSC has implemented new rules for security
बीते 21 सितम्बर को हुए UKSSSC पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश के कई बेरोजगार युवाओं ने सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन भी किया था। कई लोगों पर कार्रवाई के बाद अब आयोग को यह सुनिश्चित करना है कि आने वाली परीक्षाओं में कोई विवाद या गड़बड़ी न हो। यूकेएसएसएससी के सचिव जी.एस. मर्तोलिया ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस और आयोग की संयुक्त टीम परीक्षाओं का संचालन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सुनिश्चित करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी उम्मीदवार या बाहरी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पहल से न केवल युवाओं का भरोसा कायम होगा, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि उत्तराखंड में भविष्य में सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या पेपर लीक की घटनाएं न हों। इसके लिए UKSSSC ने नीचे दिए गए सख्त सुरक्षा के नए नियम लागू किए हैं।
1. बायोमेट्रिक सत्यापन
प्रत्येक परीक्षार्थी का फिंगरप्रिंट और फोटो स्कैन के माध्यम से परीक्षा केंद्र पर सत्यापन किया जाएगा। परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने से पहले उम्मीदवार की पूरी तरह तलाशी ली जाएगी।
2. केंद्र में पहुंचना होगा दो घंटे पहले
परीक्षा केंद्र में पहुंचने पर प्रतियोगी परीक्षा उम्मीदवारों की जूते-चप्पल उतारकर जांच की जाएगी। परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। केंद्र में देर से पहुंचने पर अभ्यर्थी को किसी भी हालत में प्रवेश नहीं मिलेगा।
3. SSP स्वयं करेंगे निगरानी
परीक्षा से एक दिन पहले सभी परीक्षा केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज किया जाएगा और जांची जाएगी। अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे, जिनकी निगरानी जिला मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं करेंगे।
4. कक्ष से लेकर बाथरूम तक लगेंगे जैमर
पूरे परीक्षा केंद्रों में कक्ष से लेकर बाथरूम तक मोबाइल नेटवर्क ब्लॉक करने वाले जैमर लगाए जाएंगे, ताकि कोई भी इंटरनेट या कॉल के जरिए बाहरी संपर्क न कर सके।
5. कड़ी निगरानी
सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्त होने तक गार्ड्स और पुलिसकर्मी उम्मीदवारों पर नजर रखेंगे। बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।