रुद्रपुर: रुद्रपुर में छात्रसंघ चुनाव के दौरान हुई फायरिंग और हिंसा के मामले में के मुख्य आरोपी गगन रतनपुरिया को कुछ दिन पहले पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगने के कारण उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी बीच आरोपी की इलाज के दौरान की एक वायरल फोटो ने बवाल मचा दिया है।
uproar over viral photo of accused Gagan Ratanpuriya
दरअसल बीते 24 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान रुद्रपुर में कॉलेज गेट पर दो छात्र गुटों के बीच झड़प हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। इसी दौरान दो युवकों ने हवाई फायरिंग कर माहौल को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया। घटना के बाद पुलिस ने 15 नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 26 सितंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके अगले दिन यानी 27 सितंबर को शक्तिफार्म क्षेत्र से मुख्य आरोपी गगन रतनपुरिया सहित चार अन्य आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया। मुठभेड़ में गगन के पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मूंछों को ताव दे रहा था आरोपी
अस्पताल में इलाज के दौरान आरोपी गगन रतनपुरिया की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। इस फोटो में आरोपी अस्पताल के बेड पर लेटा हुआ अपनी मूंछों को ताव देते हुए दिखाई दे रहा है। तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे—कि आखिर एक गंभीर अपराध का आरोपी पुलिस निगरानी में इस तरह आराम से ‘पोज़’ कैसे दे सकता है? पुलिस जांच में पुष्टि हुई कि आरोपी की वायरल फोटो असली है। अब वायरल फोटो के बाद से पुलिस पर जवाबदेही तय करने का दबाव बढ़ गया है।
लापरवाही बरतने के आरोप में ASI निलंबित
उधम सिंह नगर जिले के एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल में तैनात एएसआई पंकज उप्रेती को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है, पुलिस की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।