चमोली: जनपद चमोली की मोपाटा सड़क पर बृहस्पतिवार शाम एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हुई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद देवाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
Three people died in Chamoli road accident
जानकारी के अनुसार, चमोली जिले के चौड़ और कोटेड़ा गांव के पांच लोग बृहस्पतिवार को मोपाटा गांव में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। विवाह समारोह में शामिल होने के बाद सभी लोग करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर सड़क तक पहुंचे। यहां वे चौड़ गांव के ही नारायण सिंह की खड़ी कार में सवार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक के कार में बैठने से पहले ही ढलान पर खड़ी कार अचानक आगे की ओर बढ़ी और देखते ही देखते लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों तुरंत इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
तीन लोगों की दर्दनाक मौत
जिसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। इस भीषण हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हुई, वहीं एक व्यक्ति ने अस्पताल जाते समय एम्बुलेंस में आखिरी सांस ली। इनके अलावा हादसे में घायल दो लोगों (एक युवती और एक आदमी) को इलाज के अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल हुए दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए भेजा गया।
मृतकों की पहचान
38 वर्षीय बसंती देवी, पत्नी कुंवर सिंह, निवासी चौड़,
48 वर्षीय मोहनी देवी, पत्नी स्व. मान सिंह, निवासी चौड़,
65 वर्षीय भजन सिंह, पुत्र वादर सिंह, निवासी चौड़,
घायलों की पहचान
ज्योति (22), निवासी कोटेड़ा
खिलाप सिंह (63), निवासी चौड़
भूलवश गियर दबने की आशंका
थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि कार लगभग 50 मीटर नीचे गिरी थी। उन्होंने बताया कि संभव है कि कार में बैठते समय किसी ने भूलवश गियर दब गया हो, जिससे वाहन अचानक आगे बढ़ गया। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए मामले की जांच जारी है। मृतकों के शवों को कर्णप्रयाग भेजा गया है, जहां शुक्रवार यानि आज पोस्टमार्टम किया जाएगा।