उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Weather Update 4 January 2026

Uttarakhand Weather Update: केदारनाथ से पंचाचूली तक हुई बर्फबारी, मैदानों में घना कोहरा छाने का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज रविवार 4 जनवरी को उत्तराखंड 6 जिलों में में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

Uttarakhand Weather Update: Uttarakhand Weather Update 4 January 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 4 January 2026 (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने और पर्वतीय इलाकों में पाले के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

Uttarakhand Weather Update 4 January 2026

उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। केदारनाथ समेत कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार दूसरे दिन हल्का हिमपात दर्ज किया गया। चारधाम क्षेत्र के आसपास की चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। इसके अलावा पिथौरागढ़ जनपद में पंचाचूली, राजरंभा और त्रिशूल पर्वत शृंखलाओं पर भी बर्फबारी दर्ज की गई है। इससे पर्वतीय इलाकों में पाले की स्थिति बनने लगी है, जो फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इसका असर निचले इलाकों तक देखने को मिला, जहां ठंडी हवाओं के साथ ठिठुरन और बढ़ गई है। शनिवार को देहरादून में सुबह घना कोहरा और धुंध छाई रही। दिन के समय हल्की धूप निकलने से कुछ देर राहत जरूर मिली, लेकिन शाम होते-होते आंशिक बादल छा गए, जिससे ठंड का असर फिर तेज हो गया। मैदानी इलाकों में घने कोहरे के कारण हवाई और रेल सेवाओं पर भी असर पड़ा है। विभिन्न शहरों से देहरादून आने वाली करीब 10 उड़ानें आधे घंटे से लेकर चार घंटे तक की देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आज 4 जनवरी को उत्तराखंड के सभी जनपदों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। हालांकि ठंड से राहत के कोई आसार फिलहाल नहीं हैं। विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के साथ-साथ नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। इन इलाकों में शीत दिवस की स्थिति बनने की भी आशंका है। ऐसे मौसम के चलते मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष रूप से सुबह और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों व अन्य आवश्यक उपायों को अपनाएं। पर्वतीय क्षेत्रों में किसानों को भी पाले से फसलों को बचाने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

तापमान की स्थिति

बीते शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस था। वहीं पंतनगर का अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस था। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 14.5 और न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।