श्रीनगर गढ़वाल: श्रीनगर गढ़वाल में एक युवती द्वारा गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली श्रीनगर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पीड़िता का आरोप है कि एक युवक ने फर्जी पहचान बताकर उससे दोस्ती की, फिर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में शादी का झांसा देकर ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
FIR Filed Against Sameer Jafri for Fake Identity and Rape Case
जानकारी के अनुसार आरोपी समीर जाफरी गढ़वाल विश्वविद्यालय में अध्ययनरत है और वहीं उसने युवती से दोस्ती की। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने अपना नाम समीर द्विवेदी बताकर विश्वास में लिया। युवती का कहना है कि इसी भरोसे के आधार पर आरोपी ने उसके साथ नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में घटना को अंजाम दिया।
धमकी और ब्लैकमेलिंग का आरोप
पीड़िता की तहरीर के अनुसार आरोपी ने कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने शादी का झांसा देकर युवती को अपने नियंत्रण में रखने की कोशिश की। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसों की मांग की और लगातार मानसिक दबाव बनाया। पीड़िता ने शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपी ने अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे डराया और ब्लैकमेल किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर दुष्कर्म, धमकी और ब्लैकमेलिंग सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
कोतवाली पहुंचे थे पूर्व जिला पंचायत सदस्य
गौरतलब है कि मंगलवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत भंडारी अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे थे। उन्होंने युवक पर फर्जी पहचान बताकर युवती से बातचीत करने और दुष्कर्म के आरोपों को लेकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद बुधवार को पीड़िता और लखपत भंडारी ने कोतवाली श्रीनगर पहुंचकर तहरीर दर्ज कराई।
आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
उप निरीक्षक राजेश असवाल ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवक मूल रूप से ग्राम जटपुरा, थाना मंडावली, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में श्रीनगर गढ़वाल में रहकर गढ़वाल विश्वविद्यालय में अध्ययनरत है। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें: