उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Weather Update 23 January 2026

Uttarakhand Weather Update: आज इन 6 जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

Uttarakhand Weather Update: Uttarakhand Weather Update 23 January 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 23 January 2026 (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कुछ जिलों में ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज तूफानी हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार ज्यादा हैं, जबकि मैदानी जिलों में हल्की बारिश के साथ ठंड का असर बना रह सकता है।

Uttarakhand Weather Update 23 January 2026

उत्तराखंड में लंबे समय से शुष्क मौसम बना रहने के कारण कई क्षेत्रों में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। किसान वर्ग के साथ-साथ आम लोगों को भी बारिश का बेसब्री से इंतजार है। बीते कुछ दिनों से मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार व्यापक बारिश नहीं होने से लोगों में चिंता बढ़ी है। हालांकि, अब नए सिस्टम के सक्रिय होने से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। राजधानी देहरादून में गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही, जिससे दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस हुई। वहीं शाम ढलते ही सर्द हवाओं ने मौसम को अचानक ठंडा कर दिया और लोगों को कंपकंपी का एहसास हुआ। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आज शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है, जिसको लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज 23 जनवरी को उत्तराखंड के 6 जिलों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। आज देहरादून के पर्वतीय इलाकों के साथ-साथ उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विशेष रूप से 2300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक बताई गई है। मौसम विभाग ने राज्य के अन्य जनपदों में भी सतर्कता बरतने की सलाह दी है। कई इलाकों ओलावृष्टि, गर्जन के साथ बिजली चमकना और झोंकेदार हवाएं की संभावना जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पहाड़ी मार्गों और खुले क्षेत्रों में जोखिम बढ़ सकता है।

अन्य जिलों में येलो अलर्ट, शीत दिवस की भी आशंका

राज्य के कई अन्य जनपदों में कहीं-कहीं येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में शीत दिवस (Cold Day) जैसी स्थिति भी बन सकती है। अनुमान है कि 28 जनवरी तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बदला-बदला रह सकता है। वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर में अनेक स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में बदलाव और ठंड का असर बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इसके बाद अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना भी जताई गई है।