उत्तराखंड उत्तरकाशीDebris falls on school bus on Yamunotri Highway

यमुनोत्री हाईवे हादसा: स्कूल बस पर गिरा मलबा, ट्रिप पर निकले बच्चे बाल-बाल बचे

यमुनोत्री हाईवे पर डामटा के पास लाखामंडल जा रही स्कूली बच्चों की बस पर पहाड़ी से बोल्डर और मलबा गिर गया, जिससे शीशा टूटकर पत्थर बस के अंदर घुस गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार 27 बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें दूसरी बस से आगे भेज दिया गया।

Yamunotri Highway accident: Debris falls on school bus on Yamunotri Highway
Image: Debris falls on school bus on Yamunotri Highway (Source: Social Media)

उत्तरकाशी: यमुनोत्री हाईवे पर डामटा के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विकासनगर से 27 स्कूली बच्चों को लेकर लाखामंडल दर्शन के लिए जा रही बस पर अचानक पहाड़ी से बोल्डर और चट्टानी मलबा गिर गया। हादसे के दौरान एक बड़ा बोल्डर बस का शीशा तोड़ते हुए अंदर जा घुसा, जिससे बस में बैठे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक की सूझबूझ से बस को समय रहते नियंत्रित कर सड़क किनारे रोक दिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

Debris falls on school bus on Yamunotri Highway

जानकारी के अनुसार यह घटना डामटा के समीप उस स्थान पर हुई, जहां राजमार्ग चौड़ीकरण (Highway Widening) का काम चल रहा है। इसी दौरान पहाड़ी से चट्टानी मलबा और पत्थर बस के ऊपर आ गिरे। बताया जा रहा है कि मलबा इतना अधिक था कि बस संख्या UK07PA 0039 का शीशा टूट गया और पत्थर का हिस्सा बस के अंदर तक पहुंच गया। मलबा गिरते ही बस में बैठे बच्चों में घबराहट फैल गई। कई बच्चे डर के कारण रोने लगे और बस के अंदर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि चालक ने स्थिति को संभालते हुए बस को संतुलित रखा और तुरंत सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस अनियंत्रित होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

कोई बच्चा घायल नहीं, सभी सुरक्षित

थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस हादसे में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई है। सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस के अनुसार, बच्चों को तत्काल दूसरी बस से लाखामंडल दर्शन के लिए रवाना कर दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि डामटा क्षेत्र में काम के चलते पहाड़ी से मलबा गिरने का खतरा लगातार बना रहता है और कई बार वाहन चालकों को जोखिम उठाकर गुजरना पड़ता है। लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा उपाय, चेतावनी बोर्ड और ट्रैफिक कंट्रोल को और मजबूत किया जाए।