उत्तराखंड उधमसिंह नगरSTF arrested main supplier along with heroin worth 3 crore

उत्तराखंड में STF की बड़ी कार्रवाई, 3.10 करोड़ की हेरोइन के साथ कुख्यात सप्लायर गिरफ्तार

एसटीएफ कुमाऊं एंटी नारकोटिक्स यूनिट ने किच्छा में कार्रवाई करते हुए 3.10 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ कुमाऊं के बड़े सप्लायर को गिरफ्तार किया है। वहीं डोईवाला में पुलिस ने 143 पेटी अवैध शराब के साथ तीन तस्करों को पकड़ा।

Uttarakhand STF Drug Bust: STF arrested main supplier along with heroin worth 3 crore
Image: STF arrested main supplier along with heroin worth 3 crore (Source: Social Media)

उधमसिंह नगर: उत्तराखंड में नशा मुक्त अभियान के तहत एसटीएफ कुमाऊं एंटी नारकोटिक्स यूनिट और स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुमाऊं क्षेत्र के कुख्यात नशा तस्कर को गिरफ्तार करते हुए अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये कीमत की हेरोइन बरामद की है। आरोपी लंबे समय से एसटीएफ की रडार पर था।

STF arrested main supplier along with heroin worth 3 crore

एसटीएफ (एंटी नारकोटिक्स) कुमाऊं यूनिट ने कोतवाली किच्छा क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सहनवाज उर्फ मामू, निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1 किलो 33 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 3.10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। घटना में प्रयुक्त बाइक को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

कुमाऊं का बड़ा हेरोइन सप्लायर था आरोपी

पुलिस के अनुसार, सहनवाज उर्फ मामू कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन का बड़ा सप्लायर माना जाता है। ड्रग पैडलरों के बीच इसकी सप्लाई की गई हेरोइन की काफी मांग थी, क्योंकि यह उच्च शुद्धता की बताई जा रही है। एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स यूनिट पिछले करीब दो वर्षों से आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

पूछताछ में सामने आया बड़ा नेटवर्क

एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह बरेली निवासी ‘भैया’ नामक व्यक्ति से हेरोइन खरीदता था। आरोपी ने यह भी बताया कि भैया की ओर से अक्सर एक डिलीवरी एजेंट हेरोइन पहुंचाने आता था, हालांकि उसका नाम वह नहीं जानता। आरोपी द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीरों के आधार पर एसटीएफ अब सप्लायर और उसके नेटवर्क की पहचान में जुटी हुई है। नवनीत भुल्लर ने आगे बताया कि, सहनवाज की गिरफ्तारी नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत एक बड़ी उपलब्धि है। इससे कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई चेन पर बड़ा असर पड़ेगा और अन्य तस्करों तक पहुंचने में भी मदद मिलेगी।

डोईवाला में अवैध शराब तस्करी का भी भंडाफोड़

इधर, डोईवाला पुलिस ने भी नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 जनवरी को चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध लोडर वाहन को रोका। मुखबिर की सूचना पर की गई जांच में वाहन से 143 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। बरामद शराब में 128 पेटी देसी और 15 पेटी अंग्रेजी शराब शामिल थी। शराब परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज न दिखा पाने पर पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की सख्त चेतावनी

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। किसी भी स्तर पर नशे के कारोबार से जुड़े लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।