उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Weather Update 2 February 2026

Uttarakhand Weather Update: आज इन 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट ली है। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से ठंड बढ़ गई है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना, पांच जिलों में यलो अलर्ट जारी।

Uttarakhand weather forecast: Uttarakhand Weather Update 2 February 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 2 February 2026 (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के चलते प्रदेशभर में ठंड बढ़ गई है। रविवार को देहरादून समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि ऊंची चोटियों पर हल्के से मध्यम हिमपात का दौर देखने को मिला।

Uttarakhand Weather Update 2 February 2026

शनिवार रात से ही प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बादलों का डेरा बना रहा। रुक-रुककर बौछारें पड़ती रहीं और रविवार दोपहर बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई। इस बदलाव से जहां ठंड में इजाफा हुआ, वहीं पहाड़ों का नजारा भी और खूबसूरत हो गया। चारधाम क्षेत्रों समेत प्रदेश की ऊंची चोटियों पर दो से तीन दौर में हल्का से मध्यम हिमपात हुआ। सीजन की तीसरी बर्फबारी से पर्यटन स्थलों की सुंदरता बढ़ी, लेकिन इसके साथ ही यातायात बाधित होने, ग्रामीण इलाकों में बिजली, पानी और संचार सेवाएं प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आईं।

ये भी पढ़ें:

चकराता समेत अन्य हिल स्टेशनों में बर्फबारी के बाद पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सैलानियों ने ताजा गिरी बर्फ का जमकर आनंद लिया। वहीं, स्थानीय प्रशासन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सड़कों से बर्फ हटाने के कार्य में जुटा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार को भी कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज सोमवार 2 फ़रवरी को 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। आज प्रदेश के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इन जिलों में गर्जन और आकाशीय बिजली को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इससे अगले कुछ दिनों तक पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। देहरादून और नैनीताल के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा या बर्फबारी संभव है, जबकि शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

तापमान की स्थिति

बीते रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ऊधमसिंह नगर में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।