उत्तराखंड ऋषिकेशAccused in Shivaji Nagar Woman Murder Nabbed in Saharanpur

ऋषिकेश शिवाजी नगर मर्डर केस का खुलासा! प्रेम-प्रसंग बना मौत की वजह, आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार

ऋषिकेश के शिवाजी नगर में महिला की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी सुरेश गुप्ता को पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और संपत्ति विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

Rishikesh Crime News: Accused in Shivaji Nagar Woman Murder Nabbed in Saharanpur
Image: Accused in Shivaji Nagar Woman Murder Nabbed in Saharanpur (Source: Social Media)

ऋषिकेश: शिवाजी नगर में किराए पर रह रही महिला की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी सुरेश गुप्ता को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से फरार चल रहा आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ रखा हुआ था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार दबिश के चलते उसे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित छुटमलपुर से धर दबोचा गया।

Accused in Shivaji Nagar Woman Murder Nabbed in Saharanpur

गौरतलब है कि शनिवार, 31 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र के शिवाजी नगर गली नंबर-11 में किराए पर रह रही एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर को भागते हुए देखा गया, जबकि कमरे के अंदर महिला लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़ी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई। घटना के बाद महिला के पिता बच्चन सिंह रावत ने ऋषिकेश कोतवाली में लिखित तहरीर दी थी, जिसमें उन्होंने हत्या का आरोप सुरेश गुप्ता पर लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज की।

फरारी के दौरान बार-बार बदलता रहा ठिकाना

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी लगातार लोकेशन बदल रहा था। उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर रखा था, ताकि पुलिस उसे ट्रैक न कर सके। इसके बावजूद पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और अंततः उसे सहारनपुर के छुटमलपुर से गिरफ्तार कर लिया।

प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ था विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का कुछ साल पहले अपने पति से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान वह काम की तलाश में ऋषिकेश आई थी, जहां उसकी मुलाकात सुरेश गुप्ता से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया और सुरेश का महिला के घर आना-जाना बढ़ गया।

परिवारिक झगड़े और तलाक तक पहुंचा मामला

सुरेश गुप्ता विवाहित था और महिला के साथ उसके संबंधों की जानकारी जब उसके परिवार को हुई तो घर में अक्सर झगड़े होने लगे। इसी विवाद के चलते सुरेश गुप्ता ने करीब चार महीने पहले अपनी पत्नी से आपसी सहमति से तलाक ले लिया, ताकि वह महिला से विवाह कर सके।

संपत्ति बेचने के बाद बढ़ा तनाव

पुलिस के अनुसार, शादी से पहले महिला और उसके परिजनों ने ऋषिकेश में संपत्ति खरीदने की बात रखी थी। इसके लिए सुरेश गुप्ता ने अपनी लक्सर स्थित पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी। हालांकि, इस रकम में ऋषिकेश में मनचाही संपत्ति नहीं मिल सकी, जिससे दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ता गया। इसी तनाव और अवसाद के चलते आरोपी ने यह खौफनाक कदम उठाया।

हत्या की पूरी कड़ी खंगाल रही पुलिस

फिलहाल पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान हत्या की पूरी साजिश, हथियार की बरामदगी और घटनाक्रम को स्पष्ट किया जाएगा। हालांकि, अभी तक की जांच में हत्या की मुख्य वजह प्रेम प्रसंग और संपत्ति विवाद ही सामने आ रही है।