देहरादून: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में प्रस्तावित नेशनल विंटर गेम्स 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। पर्यटन विभाग, गढ़वाल मंडल विकास निगम और उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन की संयुक्त बैठक में यह फैसला लिया गया। अब औली विंटर कार्निवाल के दौरान ही 12 से 16 फरवरी 2026 तक नेशनल विंटर गेम्स का आयोजन किया जाएगा।
National Winter Games 2026 will be held in Auli in February
जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा ने बताया कि मौसम और तापमान को ध्यान में रखते हुए इन तारीखों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार कार्यक्रम में बदलाव भी संभव है। उन्होंने बताया कि औली में इस दौरान बर्फ की स्थिति बेहतर रहती है, जिससे प्रतियोगिताओं के आयोजन में सुविधा मिलती है। विंटर गेम्स के लिए देशभर की स्पोर्ट्स टीमों को निमंत्रण भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही जीएमवीएन द्वारा लॉजिस्टिक व्यवस्था को तेजी से पूरा किया जा रहा है। औली में बर्फ को बनाए रखने के लिए स्नो बीटर मशीन, स्नो मेकिंग मशीन और आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, ताकि प्रतियोगिताएं सुचारू रूप से हो सकें।
गेस्ट हाउस और सुविधाओं का हो रहा अपग्रेडेशन
विशाल मिश्रा ने बताया कि पूरा आयोजन औली स्थित जीएमवीएन गेस्ट हाउस से संचालित होगा। यहां माइनर अपग्रेडेशन, चीयर लिफ्ट सुधार, आवास व्यवस्था और खिलाड़ियों की सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। फिलहाल 250 से अधिक लोगों के ठहरने की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष मणि व्यास ने बताया कि इस बार देशभर से 17 से 20 टीमों के आने की संभावना है। इनमें प्रमुख रूप से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, ओडिशा, महाराष्ट्र सहित आईटीबीपी, आर्मी शामिल हैं। विशाल मिश्रा ने बताया कि अच्छी बर्फबारी के कारण खिलाड़ियों में काफी उत्साह है।
नेशनल विंटर गेम्स 2026 का पूरा शेड्यूल
नेशनल विंटर गेम्स 2026 के तहत 13 फरवरी को रजिस्ट्रेशन, उद्घाटन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्थानीय स्कीइंग प्रदर्शन और स्की माउंटेनियरिंग रेस आयोजित की जाएगी। 14 फरवरी को अल्पाइन स्कीइंग और स्नोबोर्ड जाइंट स्लालम, 15 फरवरी को स्लालम और स्की माउंटेनियरिंग स्प्रिंट प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 16 फरवरी को समापन समारोह और पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
जीएमवीएन एमडी विशाल मिश्रा ने कहा कि इस आयोजन से औली को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से होटल, टैक्सी और अन्य व्यवसायों को भी फायदा होगा।
लोक नृत्य और पारंपरिक कार्यक्रम
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि औली विंटर कार्निवाल का उद्देश्य केवल खेल आयोजन ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना भी है। कार्निवाल के दौरान गढ़वाल और कुमाऊं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लोक नृत्य और पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि देश-विदेश से आने वाले मेहमान राज्य की संस्कृति से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि भले ही आयोजन के लिए समय कम है, लेकिन पर्यटन विभाग, जीएमवीएन, जिला प्रशासन और विंटर गेम्स एसोसिएशन मिलकर पूरी तैयारी में जुटे हुए हैं। सभी को उम्मीद है कि औली में होने वाला नेशनल विंटर गेम्स 2026 एक भव्य, सफल और यादगार आयोजन साबित होगा।