श्रीनगर गढ़वाल: भारत के दूसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान जल्द ही उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं। वो 21 फरवरी को श्रीनगर गढ़वाल पहुंचेंगे और यहां आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे।
CDS General Anil Chauhan is coming to Garhwal on 21 February
सीडीएस जनरल अनिल चौहान का यह कार्यक्रम हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के चौरास कैंपस में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वह विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, संवादात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों में भाग लेंगे। अपने प्रवास के दौरान सीडीएस विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय परिवार से सीधे संवाद करेंगे। इस अवसर पर देश की सुरक्षा नीति, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और सशस्त्र बलों के योगदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। यह कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व विकास की भावना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने तेज की तैयारियां
सीडीएस के प्रस्तावित दौरे को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी गंभीरता से तैयारियों में जुटा हुआ है। इसी क्रम में कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शामिल रहे वरिष्ठ अधिकारी
इस बैठक में कार्यक्रम समन्वयक प्रो. महेन्द्र प्रताप सिंह बिष्ट, कुलसचिव अनीस उज ज़मान, वित्त अधिकारी प्रो. एनएस पंवार, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं, चीफ प्रॉक्टर प्रो. दीपक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही प्रशासन, वित्त, जनसंपर्क और तकनीकी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, यातायात नियंत्रण, मंच संचालन, अतिथि सत्कार, मीडिया समन्वय और छात्र सहभागिता जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम को सफल और गरिमामय बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी कर दिया गया है।
कुलपति ने बताया गौरव का विषय
कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि, “सीडीएस जनरल अनिल चौहान का विश्वविद्यालय आगमन हमारे लिए गौरव का विषय है। यह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी सोच को मजबूत करेगा।” उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय महत्व के विषयों में सक्रिय भूमिका को भी दर्शाता है।
आपको बता दें कि सीडीएस जनरल अनिल चौहान मूल रूप से पौड़ी जिले के गवांणा गांव के निवासी हैं। वह 11 गोरखा राइफल्स से जुड़े रहे हैं और 30 सितंबर 2022 को उन्होंने देश के दूसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के रूप में पदभार संभाला था।