रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के नगरासू क्षेत्र में गुलदार ने मां के हाथ से 5 साल के बच्चे को खींच लिया। जिला प्रशासन, वन विभाग और डीडीआरएफ की 6 टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
Leopard Snatches 5-Year-Old Child in Rudraprayag
छिनका ककोड़ाखाल (नगरासू) क्षेत्र में एक गुलदार मां के हाथ से पांच साल के मासूम बच्चे को खींचकर जंगल की ओर ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। तुरंत पुलिस, वन विभाग, जिला आपदा प्रबंधन और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर भेजी गईं। बच्चे की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
6 टीमें और 34 से अधिक कर्मी सर्च अभियान में जुटे
प्रशासन द्वारा गठित की गई टीमों में वन विभाग के 20 कर्मचारी, जिला आपदा प्रबंधन के 9 जवान, जिला प्रशासन के 5 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। ये सभी टीमें जंगल और आसपास के इलाकों में लगातार खोजबीन कर रही हैं।
उच्च अधिकारी मौके पर
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने स्वयं पूरे अभियान की निगरानी की और लगातार अधिकारियों से अपडेट लेते रहे। एसडीएम सोहन सिंह सैनी कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओ वन विभाग देवेंद्र पुंडीर ने तीन टीमों के साथ खोज अभियान चलाया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि डीडीआरएफ के जवान आधुनिक उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन में जुटे।
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने ग्राम प्रधान, स्थानीय लोगों और अधिकारियों से लगातार संवाद कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने नागरिकों से अपील की और कहा कि अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में न जाएं, बच्चों पर विशेष नजर रखें साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं।
क्षेत्र में दहशत का माहौल, लोग सहमे
लगातार बढ़ रही गुलदार की घटनाओं से स्थानीय लोग डरे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।