देहरादून: कोयंबटूर में तैनात नायक महावीर सिंह रावत (51) का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनकी मौत की खबर सुनते ही परिजन और रिश्तेदार सदमे में आ गए। देर शाम उनका पार्थिव शरीर इंडिगो की फ्लाइट से देहरादून एयरपोर्ट लाया गया। जैसे ही उनका शव घर पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
Soldier Mahavir Singh Rawat died of a heart attack
नायक महावीर सिंह रावत का शव पहले कोयंबटूर से दिल्ली लाया गया और फिर इंडिगो फ्लाइट के जरिए देहरादून लाया गया। देहरादून एयरपोर्ट पर उनके स्वागत और अंतिम दर्शन के लिए परिवार, पड़ोसी और स्थानीय लोग मौजूद थे। नायक महावीर सिंह रावत डिफेंस सिक्योरिटी कोर में नायक के पद पर तैनात थे। इससे पहले उन्होंने गढ़वाल राइफल में कई वर्षों तक सेवाएं दी हैं। उनके समर्पण और वीरता के कारण सेना और स्थानीय समुदाय में उनका विशेष सम्मान था।
गार्ड ऑफ ऑनर और सम्मानजनक अंतिम यात्रा
देहरादून एयरपोर्ट पर रायवाला से आए सेना के जवानों की टुकड़ी ने नायक महावीर सिंह रावत को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर कोठारी मोहल्ला, जॉलीग्रांट स्थित उनके आवास पर ले जाया गया। सैनिक का अंतिम संस्कार आज हरिद्वार में किया जाएगा।
परिवार और सेना में शोक की लहर
नायक महावीर सिंह रावत के निधन से परिवार, दोस्तों और सेना के साथियों में गहरा शोक है। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिवार को सहनुभूति और समर्थन का भरोसा दिया। नायक महावीर सिंह रावत की सेवा और देश के प्रति समर्पण उन्हें हमेशा यादगार बनाए रखेगा। उनका जीवन और बलिदान देश के जवानों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।