उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Weather Update 9 February 2026

Uttarakhand Weather Update: आज इन 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का अलर्ट

उत्तराखंड के पांच पर्वतीय जिलों में आज हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि दो मैदानी जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

Uttarakhand Weather Update: Uttarakhand Weather Update 9 February 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 9 February 2026 (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, मैदानी इलाकों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं।

Uttarakhand Weather Update 9 February 2026

उत्तराखंड में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। आज उत्तराखंड का सबसे कम तापमान जोशीमठ के औली में माइनस 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बीते रविवार को जहां पहाड़ से लेकर मैदान तक दिनभर धूप खिली रही, वहीं आज सोमवार को सुबह से कई जिलों में बादल छाए हुए हैं, जिससे ठंड का असर ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार को प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के मैदानी जिलों में कोहरा छाने के आसार बने हुए हैं। जिससे ठंड में और अधिक इजाफा होने की संभावना है।

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, आज सोमवार यानि 9 फरवरी को उत्तराखंड के 5 पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं इन जिलों के 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में सुबह और रात के समय कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है। विशेष रूप से हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इससे सड़क यातायात और रेल सेवाओं पर असर पड़ सकता है।

तापमान की स्थिति

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर औसतन अधिक दर्ज किया गया। पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस देहरादून के मोहकमपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस मुक्तेश्वर (नैनीताल) में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 1 से 2 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इसके बाद एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड का असर दोबारा बढ़ सकता है।

मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और मैदानी इलाकों में वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कोहरे और बर्फबारी के चलते फिसलन और दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।