रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में महिलाएं रोजमर्रा की जरूरतों—घास, चारा, पत्ती, जलावन लकड़ी के लिए जंगल जाती हैं। ऐसे में दुर्गम रास्तों और खड़ी चट्टानों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। ऐसे में कई महिलाओं को अपनी जान गंवानी पड़ती है। रुद्रप्रयाग जिले के रामपुर में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ है। रामपुर न्यालसू जंगल में घास काटने गई एक महिला की खड़ी पहाड़ी से फिसलकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Grass-Cutting Accident Leads to Woman’s Death in Rudraprayag
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार 10 फरवरी को कोतवाली सोनप्रयाग से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि रामपुर न्यालसू जंगल क्षेत्र में एक महिला पहाड़ी से गिर गई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सोनप्रयाग से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। एसडीआरएफ टीम सड़क मार्ग से रामपुर गांव तक पहुंची। इसके बाद टीम ने मंदाकिनी नदी को पैदल पार किया और लगभग दो किलोमीटर की खड़ी व अत्यंत दुर्गम पहाड़ी चढ़ाई कर घटनास्थल तक पहुंच बनाई।
घटनास्थल पर ही हो चुकी थी महिला की मौत
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद SDRF टीम ने तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाया। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि घास काटते समय महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। मृतका की पहचान गीता देवी (40 वर्ष), पत्नी गजपाल सिंह, निवासी रामपुर न्यालसू, सोनप्रयाग के रूप में हुई।
जिला पुलिस को सुपुर्द किया गया शव
रेस्क्यू टीम ने विशेष उपकरणों की मदद से खड़ी ढाल वाले पहाड़ी क्षेत्र से शव को करीब तीन किलोमीटर पैदल नीचे लाया। इसके बाद शव को विधिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। महिला की मौत से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।