रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए आईएएस विशाल मिश्रा को रुद्रप्रयाग का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। उनके नियुक्ति आदेश जारी होते ही जिले में विकास कार्यों और प्रशासनिक सुधारों को लेकर नई उम्मीदें जाग गई हैं। वहीं, पूर्व जिलाधिकारी आईएएस प्रतीक जैन को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे राज्य के पर्यटन और जल प्रबंधन क्षेत्र में भी गति आने की संभावना है।
IAS Vishal Mishra Appointed as New District Magistrate of Rudraprayag
आपको बता दें कि आईएएस विशाल मिश्रा उत्तराखंड कैडर के 2018 बैच के सिविल सेवा अधिकारी हैं। वे एक अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी हैं जिनकी नियुक्तियाँ कई अहम प्रशासनिक और विकासात्मक पदों पर हो चुकी हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक करियर में जीएमवीएन (Garhwal Mandal Vikas Nigam Ltd), जल-जीवन मिशन, और अन्य विकास परियोजनाओं से जुड़ा कार्य संभाला है। इससे पहले वे उत्तराखंड में मुख्य विकास अधिकारी तथा हल्द्वानी नगर निगम के आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं, जहां उन्होंने नगर निकायों के प्रशासन और सेवाओं के सुधार पर काम किया है। उन्होंने अल्मोड़ा और उधम सिंह नगर जैसे जिलों में उन्होंने सड़क, पीने के पानी की योजनाएँ और सार्वजनिक सुनवाई प्रणालियों को मजबूत किया। उन्होंने कोसी नदी परियोजना जैसे जल प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण योजनाओं में काम किया, जहाँ स्थानीय स्तर पर बेहतर परिणाम लाने का प्रयास हुआ। उनके प्रशासनिक अनुभव में ग्राम्य विकास योजनाओं और बड़े स्तर पर सरकारी कार्यक्रमों के कार्यान्वयन का समन्वय शामिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
आईएएस विशाल मिश्रा ने हारकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (HBTI), कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT), कानपुर से Water Resource Engineering (जल संसाधन इंजीनियरिंग) में M.Tech. की डिग्री हासिल की है। इस तकनीकी/इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि ने उन्हें जल प्रबंधन, पर्यावरण और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में बेहतर रणनीति तैयार करने में मदद की है। वर्तमान में आईएएस विशाल मिश्रा को उत्तराखंड सरकार ने रुद्रप्रयाग का नया जिलाधिकारी (District Magistrate) नियुक्त किया है।
DM विशाल मिश्रा की बड़ी चुनौतियां
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आईएएस विशाल मिश्रा अब रुद्रप्रयाग जिले की प्रशासनिक कमान संभालेंगे। रुद्रप्रयाग धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जिला है, जहां हर वर्ष हजारों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में नए जिलाधिकारी के सामने कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी। विशाल मिश्रा के प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए माना जा रहा है कि वे जिले में विकास कार्यों को नई दिशा देंगे। खासकर चारधाम यात्रा और आपदा संवेदनशील क्षेत्रों में बेहतर समन्वय और निगरानी की आवश्यकता को प्राथमिकता दी जाएगी।