चमोली: उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2026 के विधानसभा बजट सत्र की तिथियों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस संबंध में विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव धनंजय चतुर्वेदी ने आदेश जारी किए हैं। बजट सत्र 9 मार्च से 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
Uttarakhand Budget Session 2026 Scheduled in Gairsain
जारी आदेश के अनुसार बजट सत्र उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आहूत किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने विधानसभा सचिव को पत्र भेजकर सत्र से संबंधित अग्रिम तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्रिमंडल ने सीएम को किया था अधिकृत
दरअसल, 15 जनवरी 2026 को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में बजट सत्र के आयोजन पर चर्चा की गई थी। मंत्रिमंडल ने सत्र की तिथि और स्थान तय करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया था। इसके बाद 21 जनवरी को मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि बजट सत्र गैरसैंण में आयोजित किया जाएगा, हालांकि उस समय तिथियों की घोषणा नहीं की गई थी। अब उनकी सहमति के बाद 9 से 13 मार्च 2026 तक सत्र आयोजित किए जाने की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
विभागों ने शुरू की तैयारियां
सरकार पहले ही गैरसैंण में सत्र आयोजित करने का निर्णय ले चुकी थी। इसी के तहत सभी विभागों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वित्त विभाग ने विभिन्न विभागों से प्रस्ताव मांगे हैं और उन पर विभागवार चर्चा जारी है। पिछले वर्ष 2025 में भी गैरसैंण में सत्र आयोजित करने की योजना थी, लेकिन भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में मेंटेनेंस कार्य के चलते सत्र देहरादून में आयोजित किया गया था। अब भवन का रखरखाव कार्य पूरा हो चुका है, जिससे इस वर्ष सत्र गैरसैंण में ही होगा।
11 मार्च को पेश होगा बजट
विधानसभा सत्र की कार्यवाही 9 मार्च को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) के अभिभाषण से शुरू होगी।
10 मार्च:राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा
11 मार्च: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर वित्त मंत्री वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे।
यह बजट सत्र राज्य की विकास योजनाओं और आगामी वित्तीय वर्ष की प्राथमिकताओं को तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।