हरिद्वार: हरिद्वार के मायापुर स्थित हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) कार्यालय में एक युवक के घुसकर तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। युवक मंगलवार सुबह कार्यालय के अंदर सोता हुआ मिला, जिससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
Drunk youth creates ruckus in HRDA office
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम सभी अधिकारी और कर्मचारी काम खत्म कर घर लौट गए थे। कार्यालय में केवल सुरक्षा कर्मी तैनात थे। आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर एक युवक कार्यालय परिसर में घुस आया। बताया जा रहा है कि युवक नशे में था और उसने रातभर कार्यालय में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान कुर्सियों की सीटें फाड़ दीं और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया।
सुबह कर्मचारियों ने देखा तो उड़ गए होश
मंगलवार सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो युवक अंदर ही सोता हुआ मिला। एक अनजान युवक को दफ्तर के भीतर देखकर कर्मचारी घबरा गए। कर्मचारियों को देख युवक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाश की, लेकिन शुरुआत में युवक का पता नहीं चल सका।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
महत्वपूर्ण सरकारी विभाग के कार्यालय में इस तरह किसी बाहरी व्यक्ति का घुसना और रातभर उत्पात मचाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। प्राधिकरण कार्यालय में होमगार्ड और निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती है। ऐसे में रात के समय किसी युवक का अंदर घुसना और सुबह तक वहीं सोते रहना, सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।
संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है कार्यालय
मायापुर क्षेत्र में HRDA कार्यालय के अलावा ऊर्जा निगम और नगर निगम के बड़े दफ्तर भी मौजूद हैं। इसके साथ ही सरकारी डामकोठी गेस्ट हाउस और कई अधिकारियों के आवास भी पास में स्थित हैं। कार्यालय से कुछ ही दूरी पर मायापुर चौकी भी है, जिससे सुरक्षा को लेकर और अधिक सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने हिरासत में लेकर छोड़ा
नगर कोतवाली के प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उसे फटकार लगाकर छोड़ दिया गया। लेकिन, इस घटना ने सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।