हल्द्वानी: हल्द्वानी के कटघरिया क्षेत्र के जंगल में घास लेने गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
Woman killed by tiger in Haldwani
जानकारी के अनुसार हल्द्वानी के कटघरिया क्षेत्र स्थित पनियाली में रहने वाली कमला फर्त्याल रोज की तरह सुबह अकेले घास काटने जंगल गई थीं। दोपहर तक जब वह घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद परिजनों ने वन विभाग और Uttarakhand Police को सूचना दी।
सर्च ऑपरेशन में मिला क्षत-विक्षत शव
सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से जंगल में सघन कांबिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान कई स्थानों पर खून के निशान और महिला के कपड़े मिले। करीब दो किलोमीटर अंदर जंगल में महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। प्रारंभिक आशंका है कि बाघ ने हमला कर महिला को घसीटकर अंदर ले गया।
ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से बाघ की गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
अलर्ट मोड पर वन विभाग की टीम
वन विभाग की टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और बाघ की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल में न जाएं और समूह में ही आवश्यक कार्य करें।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष के बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है, जिससे पहाड़ी और तराई क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।