देहरादून: देहरादून स्थित नेशनल स्टेटिस्टिकल ऑफिस के सीनियर ऑफिसर संजय कुमार को Central Bureau of Investigation (सीबीआई) ने पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
CBI Arrests Senior NSO Officer in Dehradun for Accepting Bribe
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने गोपनीय जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता, जो पेशे से एक टैक्स एडवोकेट हैं, ने सीबीआई को बताया कि वे अपने क्लाइंट की कंपनी के टैक्स मामलों को संभालते हैं। उनके क्लाइंट की कंपनी बीएस इंडस्ट्रीज को Annual Survey of Industries (ASI) की वार्षिक रिटर्न दाखिल करनी थी। यह प्रक्रिया सांख्यिकी विभाग के माध्यम से की जाती है। आरोप है कि रिटर्न तैयार करने और जमा कराने के बदले सीनियर ऑफिसर संजय कुमार ने पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
व्हाट्सएप पर भेजा नंबर, UPI से मांगे पैसे
शिकायत के मुताबिक अधिकारी ने व्हाट्सएप पर एक मोबाइल नंबर भेजकर उसी नंबर पर यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर करने को कहा था। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई ने गुप्त रूप से जांच शुरू की।
ट्रैप कर रंगे हाथ पकड़ा
जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर सीबीआई ने ट्रैप ऑपरेशन चलाया। टीम ने आरोपी अधिकारी को पांच हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। अब आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।