देहरादून: उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था ने हाल के वर्षों में तेजी से विकास किया है। राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) बढ़कर लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो पिछले कुछ वर्षों में बड़ी आर्थिक छलांग को दर्शाता है। आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार राज्य में बुनियादी ढांचे, उद्योग, MSME और स्टार्टअप सेक्टर में तेजी से वृद्धि हुई है। साथ ही प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है और गरीबी दर में भी कमी दर्ज की गई है।
Uttarakhand Economy Surges GSDP Reaches 3820 K Crore
आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, कुछ साल पहले राज्य की GSDP करीब 2.54 लाख करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर 3.8 लाख करोड़ से अधिक हो गई है। यह वृद्धि राज्य में बढ़ते निवेश, उद्योग और बुनियादी ढांचे के विकास का परिणाम मानी जा रही है।
प्रति व्यक्ति आय में भी हुई बड़ी बढ़ोतरी
आर्थिक विकास के साथ ही उत्तराखंड के लोगों की औसत आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2022 में प्रति व्यक्ति आय लगभग 1.94 लाख रुपये थी, अब यह बढ़कर लगभग 2.73 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
गरीबी दर में आई कमी
आर्थिक सर्वेक्षण में यह भी सामने आया है कि राज्य में गरीबी दर में कमी आई है। पहले गरीबी दर लगभग 9.7% थी, अब यह घटकर करीब 6.92% रह गई है।
MSME और स्टार्टअप से बढ़े रोजगार के अवसर
आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, उत्तराखंड में रोजगार बढ़ाने में MSME सेक्टर और स्टार्टअप इकोसिस्टम की बड़ी भूमिका रही है। राज्य में MSME इकाइयों की संख्या लगभग 59 हजार से बढ़कर 79 हजार हो गई है, इनसे करीब 4.5 लाख लोगों को रोजगार मिला है। इसके अलावा स्टार्टअप सेक्टर में भी बड़ी छलांग देखी गई है, राज्य में 1700 से अधिक स्टार्टअप सक्रिय हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा क्षेत्र में तेजी
रिपोर्ट के अनुसार राज्य के विकास में बुनियादी ढांचे का भी अहम योगदान रहा है। पिछले चार वर्षों में 885 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण, सौर ऊर्जा उत्पादन 439 मेगावाट से बढ़कर 1027 मेगावाट जैसी परियोजनाओं ने राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया है।
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का सबसे ज्यादा योगदान
उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का योगदान सबसे ज्यादा है। आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, राज्य की GSDP में मैन्युफैक्चरिंग का योगदान लगभग 26% के आसपास है। इसके अलावा सेवा क्षेत्र और कृषि क्षेत्र भी राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।