देहरादून: आज 29 मार्च से देहरादून एयरपोर्ट एक बड़ी सौगात के साथ जुड़ गया है। अब यात्रियों को नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान की सुविधा मिल गई है। यह उड़ान विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा शुरू की गई है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा पहले से कहीं अधिक आसान और तेज हो जाएगी।
Direct flights to 12 cities start from Dehradun airport
देहरादून एयरपोर्ट पर आज से समर शेड्यूल भी लागू हो गया है, जो 24 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। इस नए शेड्यूल में कुल 34 उड़ानों को मंजूरी दी गई है। इसके तहत कुछ उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ नए शहरों को भी जोड़ा गया है। अब देहरादून से कुल 12 शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित होंगी, जिनमें दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, जयपुर, लखनऊ, पुणे, कोलकाता, अहमदाबाद, हैदराबाद, कुल्लू, नवी मुंबई और पिथौरागढ़ शामिल हैं। इस बार के समर शेड्यूल में भुवनेश्वर के लिए उड़ान को शामिल नहीं किया गया है। हालांकि इसके बदले नवी मुंबई और पिथौरागढ़ जैसे नए रूट जोड़े गए हैं, जो यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होंगे।
नई उड़ान का समय और किराया
देहरादून-नवी मुंबई फ्लाइट का संचालन आज से शुरू हो गया है।
नवी मुंबई से फ्लाइट शाम 5:35 बजे देहरादून पहुंचेगी
देहरादून से वापसी उड़ान 6:10 बजे रवाना होगी
यह यात्रा लगभग 2 घंटे 25 मिनट में पूरी होगी।
शुरुआती किराया: ₹10,939 (प्रति व्यक्ति)
29 अप्रैल के लिए किराया: लगभग ₹9,327
किराया समय और मांग के अनुसार बदल सकता है।
डिजी यात्रा की शुरुआत
आज से देहरादून एयरपोर्ट पर “डिजी यात्रा” सुविधा भी शुरू हो गई है। इस डिजिटल पहल के तहत यात्रियों को एयरपोर्ट में प्रवेश के लिए अब दस्तावेज दिखाने की जरूरत नहीं होगी। केवल चेहरे की पहचान (फेस स्कैन) से एंट्री मिलेगी। इससे चेक-इन और बोर्डिंग में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा। इस सुविधा का उद्घाटन केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू द्वारा वर्चुअली किया गया।
कैसे उठाएं डिजी यात्रा का लाभ
डिजी यात्रा का इस्तेमाल करने के लिए यात्रियों को मोबाइल में डिजी यात्रा ऐप डाउनलोड करना होगा। इस app को आधार और मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना होगा। फ्लाइट टिकट और फोटो अपलोड करनी होगी। इसके बाद एयरपोर्ट पर कैमरा चेहरे को स्कैन कर ऑटोमैटिक गेट खोल देगा।
यात्रियों के लिए नई सुविधाएं
देहरादून एयरपोर्ट पर यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए फ्री वाईफाई, किड्स जोन (बच्चों के लिए खेल क्षेत्र) और पढ़ने के लिए किताबों की सुविधा भी शुरू की गई हैं।
देहरादून से नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान और डिजी यात्रा जैसी आधुनिक सुविधाएं न सिर्फ यात्रियों की सुविधा बढ़ाएंगी, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा देंगी। यह पहल उत्तराखंड को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।