उत्तराखंड उधमसिंह नगरOld woman died during Police raid

उत्तराखंड: दबिश के दौरान वृद्धा की मौत, भारी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार.. पुलिस पर गंभीर आरोप

पुलिस पॉक्सो एक्ट के आरोपी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार करने आई थी, लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्धा की मौत हो गई.. आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को कोतवाली गेट पर रखकर धरने पर बैठ गए..

Woman died in Police raid: Old woman died during Police raid
Image: Old woman died during Police raid (Source: Social Media)

उधमसिंह नगर: नानकमत्ता कोतवाली क्षेत्र में पुलिस दबिश के दौरान एक वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को कोतवाली गेट पर रखकर धरने पर बैठ गए। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद विधायक गोपाल सिंह राणा और पुलिस अधिकारियों के समझाने पर परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।

Old woman died during Police raid

शनिवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस पॉक्सो एक्ट के आरोपी कुलदीप सिंह पुत्र संतोख सिंह को गिरफ्तार करने के लिए ग्राम सिद्धा नवदिया स्थित उसके घर पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि दबिश के दौरान पुलिसकर्मियों ने घर में मौजूद लोगों के साथ अभद्रता की। इसी दौरान 80 वर्षीय सुखदेव कौर पत्नी प्रीतम सिंह को धक्का लगने से वह गिर गईं। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना से गुस्साए परिजन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली गेट पर शव रखकर धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि जिस किशोरी को भगाने का आरोप था, उसे वे पहले ही बरामद कर पुलिस को सौंप चुके हैं और आरोपी को परिवार ने बेदखल कर दिया था। इसके बावजूद पुलिस ने दबिश दी। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

सूचना पर सीओ सितारगंज बीएस धौनी समेत किच्छा, सितारगंज, खटीमा और पुलभट्टा थानों की पुलिस व पीएसी मौके पर पहुंची। परिजनों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे नहीं माने और पुलिस से तीखी नोकझोंक होती रही। स्थिति को देखते हुए कोतवाली गेट बंद कर दिया गया।
विधायक गोपाल सिंह राणा ने परिजनों से वार्ता के बाद पुलिस अधिकारियों से भी वार्ता की। नानकमत्ता में एसओ रहे एसओजी इंचार्ज उमेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाकर अधिकारियों से वार्ता कराई। सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम, उसकी वीडियोग्राफी और रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए।

भारी पुलिस सुरक्षा के बीच हुआ अंतिम संस्कार

नानकमत्ता दबिश के दौरान 80 वर्षीय सुखदेव कौर की मौत के बाद रविवार को उनका अंतिम संस्कार भारी पुलिस सुरक्षा के बीच किया गया। खटीमा में डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। शनिवार दोपहर पॉक्सो एक्ट में वांछित कुलदीप सिंह को गिरफ्तार करने पुलिस टीम सिद्धा नवदिया गांव गई थी। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने परिजनों से अभद्रता की।

पुलिस पर आरोप

परिजनों के अनुसार, धक्का लगने से सुखदेव कौर गिर गईं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन शव लेकर नानकमत्ता कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ वार्ता के बाद करीब तीन घंटे पश्चात पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एसएसपी अजय गणपति ने मामले में संलिप्त चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस सुरक्षा में घर लाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया। कोतवाली प्रभारी मंजू पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।