रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां संपर्क क्रांति ट्रेन में सवार दो कर्मचारियों से करीब सात लाख रुपये की लूट कर ली गई। इस वारदात के बाद यात्रियों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।
₹7 Lakh Looted at Gunpoint in Moving Train
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर की सिंह कॉलोनी स्थित एक ऑटोमोबाइल फर्म के कर्मचारी रितिक मंडल और साहिब सिंह दिल्ली सामान खरीदने के लिए जा रहे थे। दोनों बुधवार सुबह रुद्रपुर रेलवे स्टेशन से संपर्क क्रांति ट्रेन में सवार हुए थे। उनके पास बड़ी रकम थी, जिसे उन्होंने सुरक्षा के लिए बेल्ट बनाकर कमर में बांध रखा था। बताया जा रहा है कि बदमाशों को पहले से ही पैसों की जानकारी थी। जैसे ही ट्रेन बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास धीमी हुई, तीन बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों को घेर लिया। उन्होंने तमंचा और पिस्टल तानकर उनसे नकदी छीन ली और करीब सात लाख रुपये लूट लिए। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
हवाई फायरिंग कर फैलाई दहशत
लूट के बाद बदमाशों ने हवाई फायरिंग की, जिससे यात्रियों में डर फैल गया। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही व्यापारी वर्ग में आक्रोश फैल गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा समेत कई व्यापारी रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और आरपीएफ अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पीड़ितों से पूछताछ कर घटना के हर पहलू को समझने की कोशिश की जा रही है।
इस घटना ने ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को पकड़कर इस मामले का खुलासा करती है।