देहरादून: देहरादून के जौलीग्रांट क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अवैध संबंध के शक में पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।पुलिस के अनुसार, ऊधमसिंह नगर के दिनेशपुर की निवासी 30 वर्षीय प्रतिमा अपने भाई के घर जौलीग्रांट आई हुई थी। इसी दौरान उसका पति भी वहां पहुंच गया और दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। झगड़े के दौरान आरोपी ने चाकू से प्रतिमा के पेट में वार कर दिए। जब परिवार के अन्य लोग बचाने आए तो उन पर भी हमला किया गया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत हिमालयन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हमले के दौरान जब महिला की मां बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया। इस हमले में उनकी मां के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इस मामले में मृतका प्रतिमा के भाई विवेक ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। कोतवाली प्रभारी प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय गोपाल के रूप में हुई है, जो दिहाड़ी मजदूरी करता है और मूल रूप से पीलीभीत का निवासी है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसे अपनी पत्नी के अवैध संबंधों पर शक था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।