देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक ऐसा रुख बदल लिया है कि ठंड का एहसास होने लगा है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हालात को देखते हुए राज्य के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने को कहा है।
Uttarakhand Weather Update 4 May 2026
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बीते रविवार को तेज आंधी और बारिश ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया। पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ और कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। देहरादून के त्यूनी क्षेत्र में 15 से अधिक मकानों की छतें उड़ गईं। सुबह के समय घने काले बादलों के कारण अंधेरा छा गया, जिससे हालात और गंभीर हो गए। आज (सोमवार) भी ज्यादाटार स्थानों पर सुबह से बारिश शुरू हो गई है, वहीं ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों बर्फबारी हुई है। राजधानी देहरादून में भी सुबह की शुरुआत बारिश और ठंडी हवाओं के साथ हुई। यहां अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। खराब मौसम के चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर हेलीकॉप्टर सेवाओं के संचालन को अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए हैं। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार और मंगलवार के लिए राज्य के अलग-अलग जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सोमवार को उत्तराखंड राज्य के सभी जनपदों के अधिकांश स्थानों में तेज हवाओं, बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मंगलवार के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी इसी तरह के खराब मौसम की चेतावनी दी गई है।
राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह सतर्क है। सभी जिला और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्रों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। मौसम विभाग के अनुसार, 4 और 5 मई के बीच का समय उत्तराखंड के लिए मौसम के लिहाज से संवेदनशील रहेगा, ऐसे में सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है।