देहरादून: पेपरलीक मामले के बाद National Testing Agency (NTA) ने 3 मई को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है। साथ ही मामले की जांच Central Bureau of Investigation (CBI) को सौंप दी गई है। बताया जा रहा है कि NEET परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और इसकी नई तारीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा। परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर के लाखों परीक्षार्थियों में मायूसी और नाराजगी देखने को मिल रही है।
NEET UG 2026 Cancelled After Paper Leak Allegations, CBI Probe Ordered
देशभर में 3 मई को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा के लिए करीब 22.75 लाख छात्रों ने आवेदन किया था, जिनमें से लगभग 22.05 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल है। कई छात्रों का कहना है कि उन्होंने पूरे साल कड़ी मेहनत की थी और अब दोबारा परीक्षा की तैयारी करना मानसिक रूप से काफी कठिन होगा।
देहरादून की एक छात्रा ने बताया कि परीक्षा देने के बाद वह काफी खुश थी। उनके मुताबिक पेपर बहुत कठिन नहीं था और सामान्य स्तर के सवाल पूछे गए थे। लेकिन जब उन्हें पेपर लीक होने और परीक्षा रद्द होने की जानकारी मिली तो उन्हें काफी दुख हुआ। उन्होंने कहा कि अब उन्हें नई परीक्षा तारीख का इंतजार करना होगा और फिर से तैयारी शुरू करनी पड़ेगी।
टूट रहा छात्रों का मनोबल
NEET की तैयारी कराने वाले शिक्षक डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की घटनाएं छात्रों का मनोबल तोड़ देती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने का दावा करती है, लेकिन इसके बावजूद पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि जब कोई छात्र परीक्षा देने निकलता है तो उसके साथ पूरे परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से बच्चे का सहयोग करता है। छात्र पूरे साल मेहनत करता है और पूरी उम्मीद के साथ परीक्षा देता है। ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों को मानसिक रूप से कमजोर कर देती हैं। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
पहले से कुछ लोगों तक पहुंच चुका था प्रश्नपत्र
शिक्षाविद् डॉ. सुशील कुमार सिंह ने कहा कि पेपरलीक अब एक गंभीर बीमारी की तरह दोबारा उभरता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि 3 मई को आयोजित NEET 2026 परीक्षा में ऐसी जानकारी सामने आई थी कि प्रश्नपत्र पहले से कुछ लोगों तक पहुंच चुका था। इसके बाद गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए परीक्षा रद्द करनी पड़ी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले साल 2024 में भी परीक्षा को लेकर कई सवाल उठे थे। अब एक बार फिर 2026 में पेपर लीक का मामला सामने आने से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
नकल विरोधी कानून के बावजूद नहीं रुक रहे मामले
डॉ. सुशील कुमार सिंह ने कहा कि देश में नकल विरोधी कानून लागू होने के बावजूद पेपर लीक जैसे अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं केवल छात्रों का भविष्य प्रभावित नहीं करतीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा भी कमजोर करती हैं।
जल्द घोषित होगी नई परीक्षा तारीख
NTA ने संकेत दिए हैं कि NEET (UG) 2026 परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तारीख और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। फिलहाल लाखों छात्र नई तारीखों का इंतजार कर रहे हैं और दोबारा परीक्षा की तैयारी में जुटने की कोशिश कर रहे हैं।