देहरादून: NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में अब उत्तराखंड कनेक्शन भी सामने आ गया है। Dehradun से राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने राकेश नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राकेश देहरादून में अपने एक दोस्त के पास छिपा हुआ था। राजस्थान पुलिस इससे पहले उसके दोस्त को भी 9 मई को गिरफ्तार कर चुकी थी। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद देशभर में हड़कंप मच गया है।
NEET Paper Leak Case: Uttarakhand Link, Rakesh Detained from Dehradun
गौरतलब है कि NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा संपन्न होने के कुछ समय बाद ही सोशल मीडिया पर पेपर लीक की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। जांच एजेंसियों को शुरुआती जांच में पता चला कि परीक्षा से पहले ही एक कथित “गेस पेपर” छात्रों के बीच वायरल हो चुका था। यह गेस पेपर खासकर WhatsApp और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बड़ी संख्या में छात्रों तक पहुंचाया गया था।
30 लाख रुपये में खरीदा गया था परीक्षा पेपर
NEET 2026 पेपर लीक मामले की जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार कथित तौर पर गुरुग्राम के एक डॉक्टर से 30 लाख रुपये में परीक्षा पेपर खरीदा गया था, जिसे बाद में सीकर समेत कई शहरों में छात्रों तक पहुंचाया गया। देहरादून से गिरफ्तार आरोपी राकेश मंडवारिया पर आरोप है कि उसने करीब 700 छात्रों तक पेपर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। जांच में यह भी सामने आया है कि पेपर को व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए तेजी से फैलाया गया, जिससे पूरे नेटवर्क के संगठित रैकेट होने की आशंका और गहरी हो गई है।
राजस्थान SOG की कई राज्यों में छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान SOG ने कई राज्यों में एक साथ छापेमारी शुरू की। जांच के दौरान उत्तराखंड का देहरादून एक अहम लोकेशन बनकर सामने आया। सूत्रों के मुताबिक अब तक इस मामले में 20 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया जा चुका है। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि यह पूरा मामला किसी बड़े संगठित नेटवर्क या रैकेट से जुड़ा हो सकता है।
देहरादून पुलिस ने क्या कहा?
देहरादून पुलिस ने इस मामले में कैमरे पर कुछ भी बोलने से इनकार किया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इतना जरूर बताया कि राजस्थान पुलिस ने उनसे संपर्क किया था और एक आरोपी की तलाश में सहयोग मांगा था। देहरादून पुलिस के अनुसार उन्होंने राजस्थान पुलिस की मदद की, जिसके बाद आरोपी को अपने साथ ले जाया गया। हालांकि स्थानीय पुलिस को शुरुआत में यह जानकारी नहीं दी गई थी कि आरोपी किस मामले में वांछित है।
NTA ने रद्द की NEET UG 2026 परीक्षा
पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद National Testing Agency ने बड़ा फैसला लेते हुए NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है। NTA ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से जारी रखना संभव नहीं था। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और नई परीक्षा तारीखों के साथ एडमिट कार्ड शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
CBI जांच की संभावना बढ़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब जांच केंद्रीय एजेंसियों को सौंपे जाने की संभावना भी बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार Central Bureau of Investigation (CBI) को इस पूरे मामले की जांच सौंपी जा सकती है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि पेपर लीक का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
लाखों छात्रों में मायूसी
NEET परीक्षा रद्द होने की खबर से देशभर के लाखों छात्रों में मायूसी देखने को मिल रही है। कई छात्र लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। वहीं कुछ कोचिंग संस्थानों और शिक्षा विशेषज्ञों ने सरकार के फैसले का समर्थन किया है। उनका कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए यह कदम जरूरी था।
आगे और हो सकती हैं गिरफ्तारियां
फिलहाल राजस्थान SOG पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। जांच एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही इस बड़े पेपर लीक रैकेट का पूरी तरह खुलासा हो जाएगा और इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।