देहरादून: राजधानी देहरादून में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कैंट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये नकदी बरामद की है। खास बात यह रही कि वाहन में सीक्रेट केबिन बनाकर पैसे छिपाए गए थे। फिलहाल आयकर विभाग की टीम वाहन में सवार तीनों व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।
₹1.55 Crore Cash Recovered from Secret Cabin in SUV in Dehradun
जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को कैंट पुलिस राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोककर जांच की। वाहन में सवार तीन लोगों ने अपनी पहचान इस प्रकार बताई:-
सतीश भाई — जिला मेहसाणा, गुजरात
ठाकुर जसवंत संघ बनाजी — जिला पाटन, गुजरात
सचिन पटेल — विसनगर, गुजरात
दस्तावेज मांगने पर बढ़ा पुलिस का शक
पुलिस ने जब वाहन चालक से गाड़ी के दस्तावेज मांगे तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया और इधर-उधर की बातें करने लगा। इससे पुलिस को वाहन और उसमें सवार लोगों पर शक हुआ। संदिग्धता बढ़ने पर पुलिस ने चालक से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चालक ने स्वीकार किया कि गाड़ी में भारी मात्रा में नकदी रखी हुई है।
सीक्रेट केबिन में छिपाकर रखे गए थे रुपये
पुलिस ने जब वाहन की गहन तलाशी ली तो गाड़ी की बीच और पिछली सीट के बीच एक सीक्रेट केबिन बनाया गया मिला। इसी केबिन में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर रखी गई थी। वाहन में भारी मात्रा में कैश मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत आयकर विभाग को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में वाहन की दोबारा तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सीक्रेट केबिन से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद धनराशि को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के तहत कब्जे में ले लिया गया है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
नहीं दिखा पाए पैसों से जुड़े वैध दस्तावेज
बरामद रकम के संबंध में वाहन चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि यह धनराशि वह बनारस से लेकर आया था और इसे उसके साथ वाहन में बैठे जसवंत नाम के व्यक्ति को देना था। हालांकि, पैसों के स्रोत और इस्तेमाल को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
आयकर विभाग कर रहा पूछताछ
आयकर विभाग की टीम ने तीनों व्यक्तियों से पूछताछ शुरू कर दी है। उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं और बरामद धनराशि का आंकलन किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी।
सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि बरामद धनराशि के मामले में संबंधित स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस और आयकर विभाग दोनों इस बात का पता लगाने में जुटे हैं कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।
ये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें: